मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में मंत्रालय में कैबिनेट की बैठक राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम्' के गायन के साथ प्रारंभ हुई। मंत्रालय में शिवराज कैबिनेट की बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा हुई और उनकों मंजूरी भी मिल गई हैं। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कैबिनेट बैठक में हुए अहम निर्णयों के बारे जानकारी दी।

इन अहम प्रस्तावों पर हुई चर्चा-

कैबिनेट बैठक के बाद मंत्री विश्वास सारंग ने बैठक में लिए गए अहम निर्णयों की जानकारी दी। विश्वास सारंग ने जानकारी देते हुए बताया कि, जिन निर्णयों को मंजूरी मिली है उनमें शामिल है..!

1. मंदिरों के पुजारियों को 5 हजार रुपए मानदेय, संस्कृत शिक्षकों की भर्ती, संस्कृत विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप और सामान्य वर्ग के निर्धन परिवारों को संबल योजना का लाभ दिया जायेगा।

2. वैकल्पिक बिजली की व्यवस्था को लेकर ऊर्जा विभाग और नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग के मंत्रियों और प्रमुख सचिव ऊर्जा विभाग के साथ एक समिति बनाई है, जिसमें बिजली उत्पादन के साथ सौर ऊर्जा और दूसरे ऊर्जा के स्त्रोतों को लागू करने पर कार्य होगा।

3. सीएम शिवराज ने आज कैबिनेट बैठक में महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं कि शासकीय कार्यालयों में सौर ऊर्जा का उपयोग किया जाएगा। शासकीय आवासों, मंत्रियों के बंगलों पर सौर ऊर्जा के प्रावधानों को लागू किया जाएगा।

4. प्रदेश के 925 वन ग्रामों में से 827 ग्रामों को राजस्व ग्रामों में परिवर्तन किया गया है। कैबिनेट बैठक में निर्णय लिया गया है कि आगामी 15 मई से 15 जून तक सभी मंत्रीगण राजस्व ग्रामों में जाकर दौरा करेंगे।

5. आज कैबिनेट बैठक में अहम निर्णयों में 1250 मेगावॉट के सोलर प्लांट के स्थापना की मंजूरी दी गई है।

6. सिंचाई के लिए आज तीन सिंचाई परियोजनाओं को कैबिनेट बैठक में मंजूरी दी गई है, जिनमें सोनपुर मध्यम सिंचाई परियोजना, भामराजगढ़ सिंचाई परियोजना और सूरजपुरा मध्यम सिंचाई परियोजना शामिल है।

7. आज कैबिनेट बैठक में सिंगरौली में खनिज प्रद्यौगिकी संस्थान के स्थापना की मंजूरी दी गई है।

8. किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराने के लिए लागू योजना को आगे बढ़ाने की कैबिनेट में स्वीकृति दी गई है।

9. ओंकारेश्वर में आचार्य शंकर की 108 फीट ऊंची बहुधातु प्रतिमा की स्थापना के लिए पेडस्टल सहित दूसरे कार्य के लिए 148.432 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है।