प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 17 सितम्बर को जन्मदिन है। इसी के चलते कई बीजेपी के नेता पीएम मोदी के जन्मदिन को लेकर तैयारी कर रहे हैं। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी की ओर से निर्देश जारी किए हैं, जिनमें बताया गया है कि पीएम के जन्मदिन पर क्या करें और किन चीजों से परहेज करें।
बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने निर्देश जारी करते हुए कहा है, कि पार्टी 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक 'सेवा पखवाड़ा' का आयोजन कर रही है, इस दौरान रक्तदान शिविर, सेमिनार, वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जेपी नड्डा ने कहा है कि नेता यह सुनिश्चित करें कि इस बार 17 सितंबर को पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर केक काटने और इस तरह के अन्य अनुष्ठानों से परहेज किया जाए।
इस संबंध में भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने राज्य इकाइयों को पत्र लिखकर उन कार्यक्रमों की सूची दे दी है, जो 17 सितंबर से 2 अक्टूबर के बीच आयोजित किये जाएंगे। पीएम मोदी अपने जन्मदिन के मौके पर अहमदाबाद में होंगे, वहां पीएम अपनी मां का आशीर्वाद लेंगे और फिर वे मध्य प्रदेश जाएंगे।
वहीं पीएम मोदी के जन्मदिन के मौके पर मप्र सरकार के मंत्री ब्लड डोनेट करेंगे। मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी रक्तदान करने के लिए प्रेरित करेंगे। एमपी में स्वास्थ्य विभाग के द्वारा 17 सितंबर से लेकर 1 अक्टूबर तक प्रदेश भर में ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया जाएगा। जिसके चलते स्टेट ब्लड ट्रांसफ्यूजन काउंसिल (SBTC) ने सभी सरकारी और प्राइवेट ब्लड बैंकों को ये ब्लड डोनेशन कैंप लगाने के निर्देश दिए हैं। खास बात ये हैं कि मप्र में पहली बार इतने बडे़ स्तर पर ब्लड डोनेशन कैंप लगाएगा। 17 सितंबर को मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव चलाई जाएगी।
वहीं पीएम 17 सितंबर को मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क जाएंगे जहां 8 चीते (5 मादा और तीन नर) छोड़े जाएंगे। ये चीते अफ्रीकी देश नामीबिया से भारत लाए जा रहे हैं। इन्हें 16 सितंबर को नामीबिया की राजधानी विंडहॉक से एक विशेष विमान के जरिए भारत लाया जाएगा। ये चीते पहले जयपुर आएंगे और फिर जयपुर से हेलिकॉप्टर के जरिए इन्हें कूनो नेशनल पार्क ले जाया जाएगा।
बता दें कि बीजेपी हर साल पीएम मोदी के जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाती है। इस मौके पर पार्टी के सभी नेता, सांसद, विधायक अपने अपने इलाकों में सार्वजनिक स्थलों की सफाई, वृक्षारोपण अभियान, ब्लड डोनेट जैसे कार्यक्रम आयोजित करते हैं। पीएम मोदी के पिछले जन्मदिन पर वैक्सीनेशन का रिकॉर्ड बना था। एक दिन में 2.5 करोड़ कोरोना वैक्सीन के टीके लगाए गए थे, जो एक दिन में सबसे अधिक था।