भाजपा में शामिल होने से पहले पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने सोमवार को दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात की। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सोमवार को वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में बीजेपी में शामिल होने की संभावना है। पंजाब लोक कांग्रेस (पीएलसी) के प्रवक्ता प्रितपाल सिंह बलियावाल ने पहले कहा था कि सिंह के साथ पार्टी के उन नेताओं की सूची को अंतिम रूप दिया जा रहा है जिनके भाजपा में शामिल होने की उम्मीद है।

अब ये कहा जा रहा है, कि सिंह अपनी नवगठित पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस का भाजपा में विलय करेंगे। पीएलसी की स्थापना 2 नवंबर, 2021 को हुई थी, जब सिंह ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस छोड़ दी।

पूर्व सीएम ने हाल ही में लंदन में अपनी रीढ़ की हड्डी की सर्जरी से लौटने के बाद प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की थी। शाह के साथ मुलाक़ात के बाद  सिंह ने कहा था कि उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित विभिन्न मुद्दों, पंजाब में नार्को-आतंकवाद के बढ़ते मामलों और पंजाब के समग्र समग्र विकास के लिए भविष्य के रोडमैप पर चर्चा की।

उन्होंने ट्वीट करके इस बात की जानकारी दी थी। कैप्टन ने लिखा था, कि, "केंद्रीय मंत्री अमित शाह जी के साथ बहुत ही उपयोगी बैठक हुई।"