UP News: लखनऊ-हरदोई हाईवे पर जिन्दौर गांव के पास देर रात करीब एक बजे हुए सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई. जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान हुआ. कार चालक हरदोई के संडीला स्थित अनवारी मोहल्ला का रहने वाला था. वह लखनऊ में एक शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहा था.

जानकारी के अनुसार, गुरुवार की देर रात एक बजे लखनऊ से हरदोई जा रही एक तेज रफ़्तार कार ने जिंदौर गांव के पास ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया. इसी दौरान कार चालक ने नियंत्रण खो दिया, और ट्रक में कार घुसा दी. जिसके बाद कार डिवाइडर से टकरा गई. घटना में संडीला के अनवरी मोहल्ला निवासी समीना (30), पुत्री आशिया (2), अब्दुल रहमान (7) व फातिमा की मौत हो गई. कार चालक फहद, अमन समेत 3 गंभीर रूप से घायल हो गए.

पुलिस के मुताबिक, घटना स्थल पर कार के अंदर से चीखें सुनाई दे रही थी. उस समय दरवाजा बंद था. पुलिस ने कार का पिछला शीशा तोड़ दिया. जिसके बाद एक-एक कर सभी को बाहर निकाला गया. स्थानीय प्रशासन की मदद से परिजन तुरंत घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए. मृतक के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया. जिसके बाद पुलिस अधिकारियों के आदेश पर पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया गया.