दोपहर मेट्रो, 

भोपाल: कोलार थाना क्षेत्र में तीन बच्चों की मां का कार से अपहरण कर इटारसी ले जाने का मामला सामने आया है। आरोपी महिला को इटारसी में बंधक बनाकर रखा था और उससे दुष्कर्म कर रहा था| 

किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर आई महिला ने पुलिस को शिकायत की। पुलिस अपहरण, बंधक बनाकर दुष्कर्म करने की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

घटना 31 जनवरी की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार 27 साल की के महिला इलाके में रहती है। उसका पति मजदूरी करता है। घर के पास ही नाजिम खान नाम का व्यक्ति पंचर की दुकान का संचालन करता है। 

पीड़िता के पति और आरोपी के बीच दोस्ती थी और आरोपी का उसके घर आना-जाना था। गत 31 जनवरी की दोपहर महिला किसी काम के लिए घर से निकली थी। इस दौरान रास्ते में उसे नाजिम खान मिल गया। वह उसे जबरन कार में बिठाकर अपने साथ ले गया। 

पीड़िता ने उसका विरोध किया तो वह कहने लगा जल्द ही घर छोड़ देगा, लेकिन आरोपी उसे इटारसी लेकर पहुंचा था। वहां एक कमरे में महिला को बंधक बनाकर रखा। पीड़िता का कहना है आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर उससे दुष्कर्म कर रहा था। 

विरोध करने पर आरोपी ने पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी। बुधवार सुबह आरोपी किसी काम के लिए घर से बाहर निकला था। इस बीच महिला वहां से भागकर भोपाल पहुंच गई।