रेलकर्मी ने युवती से किया दुष्कर्म, महिला रिश्तेदार ने मंदिर में करा दी शादी|

भोपाल: महिला थाना पुलिस ने एक युवती की शिकायत पर रेलकर्मी और उसकी महिला रिश्तेदार के खिलाफ बलात्कार व धोखाधड़ी की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी ने साल 2018 में युवती के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया था।

घटना के बाद अगले दिन ही आरोपी की महिला रिश्तेदार ने दोनों की शादी एक मंदिर में करा दी ताकि पीड़िता थाने में बलात्कार का प्रकरण दर्ज न करा दे। बाद में पीड़िता को जानकारी हुई कि आरोपी पहले से ही शादीशुदा है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। 

पुलिस के मुताबिक गैस राहत कॉलोनी करोंद में रहने वाली 25 वर्षीय युवती अपने माता-पिता के साथ रहती है और घरेलू काम करती है। साल 2018 में युवती की मुलाकात दामखेड़ा अयोध्या नगर निवासी दशरथ सताले से हुई थी। दशरथ रेलवे में नौकरी करता है। दोनों का परिचय हुआ और फिर दोस्ती हो गई। 

पुलिस ने बताया कि विगत 12 जनवरी 2018 को दशरथ उक्त युवती के घर गैस राहत कॉलोनी गया था। वहां उसने युवती के साथ दुष्कर्म किया। अगले दिन 13 जनवरी को भी आरोपी ने दुष्कर्म किया। पीड़िता ने जब थाने में शिकायत दर्ज कराने की बात कही तो आरोपी दशरथ की महिला रिश्तेदार विनीता ने दोनों की शादी एक मंदिर में करा दी। 

काफी दिनों के बाद पीड़िता को पता चला कि आरोपी दशरथ पहले से शादीशुदा है और उसे धोखे में रखकर शादी कराई गई है। पीड़िता ने इस मामले में कोर्ट में भी विवाद दायर किया|