राजधानी में आधा दर्जन युवती और महिलाओं से छेड़छाड़|
भोपाल:
कोलार थाना पुलिस ने एक महिला की रिपोर्ट पर पड़ोसी के खिलाफ घर में घुसकर छेड़छाड़ और मारपीट करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक इलाके में रहने वाली 26 वर्षीय महिला गृहणी है।
बुधवार-गुरुवार रात वह अपने घर में सो रही थी। तड़के करीब तीन बजे पड़ोस में रहने वाला राजू लोधी (56) महिला के घर में घुस गया और उसके साथ अश्लील हरकत करने लगा।
महिला ने विरोध किया तो राजू ने उसके साथ मारपीट कर दी। शाम को पीड़िता परिजनों के साथ थाने पहुंची और घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।
केस वापस लेने के लिए फोन पर धमकाया ..
बागसेवनिया पुलिस ने 35 वर्षीय महिला की रिपोर्ट पर अभिषेक नामक युवक के खिलाफ फोन पर धमकाने का मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि दोनों के बीच एक केस कोर्ट में चल रहा है। गत तेरह अप्रैल को अभिषेक ने महिला को फोन पर गवाही नहीं देने के लिए धमकाया था। इसकी शिकायत पीड़िता ने पुलिस से की थी। जांच के बाद अभिषेक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
एमपी नगर पुलिस ने 45 वर्षीय महिला की रिपोर्ट पर कुलदीप नामक युवक के खिलाफ अश्लील इशारे करने का मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि कुलदीप ने महिला के खिलाफ चेक बाउंस का केस लगा रखा है। मार्च के महीने में महिला कोर्ट पेशी पर न्यायालय पहुंची थी, उसी समय कुलदीप ने उसे अश्लील इशारे किए थे। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तीनों युवक काफी समय से कर रहे थे परेशान ..
इधर हनुमानगंज पुलिस ने 32 वर्षीय महिला की रिपोर्ट पर आरोपी कमर, इरफान और शमशाद के खिलाफ छेड़छाड़ और मारपीट का मामला दर्ज किया है | तीनों उसे काफी समय से परेशान कर रहे थे | गत दिवस महिला ने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट कर दी।
इसी प्रकार कोतवाली पुलिस ने 19 वर्षीय कालेज छात्रा की रिपोर्ट पर मोहल्ले में रहने वाले अली अंसारी के खिलाफ पीछा कर अश्लील हरकत करने का मामला दर्ज किया है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी पिछले चार महीने से कालेज आते-जाते समय उसे परेशान कर रहा था। दो दिन पहले भाई उसे समझाने पहुंचे तो अली ने उनके साथ विवाद किया। परेशान होकर युवती ने थाने जाकर रिपोर्ट दर्ज करवा दी।