पटना में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार के कई ठिकानों पर छापा मारा गया है. यादव के पटना और दिल्ली समेत 17 ठिकानों पर CBI ने छापा मारा है। बताया जाता है कि रेलवे भर्ती बोर्ड में की गई गड़बड़ी के मामले में ये कार्रवाई हुई है। पूर्व सीएम और लालू यादव की पत्नी राबड़ी देवी से मामले में पूछताछ भी की जा रही है।
सीबीआई ने मामले में पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव और उनकी बेटी के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया है। अब सीबीआई टीम लालू प्रसाद से जुड़े देशभर के 17 ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इनमें पटना और दिल्ली के साथ गोपालगंज व भोपाल के ठिकानों पर भी रेड हो रही है।
पटना में लालू के साथ उनकी पत्नी राबड़ी के आवास पर भी सीबीआई की रेड हुई है। 10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी आवास में 8 सदस्यीय टीम पहुंची है। राबड़ी आवास पहुंची सीबीआई की टीम तीन गाड़ियों से वहां आई है। सीबीआई की इस टीम में महिला और पुरुष अधिकारी दोनों शामिल हैं। इस दौरान किसी को भी आवास में आने-जाने से रोक दिया गया है। टीम यहां मिले दस्तावेजों को खंगाल रही है।
इस बीच कार्रवाई की जानकारी मिलते ही राबड़ी आवास के बाहर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ लग गई है। यहां आए कार्यकर्ता केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। उनका कहना है कि ये केंद्र सरकार द्वारा सत्ता का दुरुपयोग है। राज्य में विधान परिषद में मिली सफलता से बीजेपी डर गई है। इसके कारण ये छापेमारी की गई है।
2004 से 2009 तक लालू रेल मंत्री थे. आरोप है कि तब घोटाला हुआ था जिसमें नौकरी के बदले जमीन लेने का आरोप है। सीबीआई ने इसी को लेकर केस दर्ज किया है। इस कार्रवाई के बाद चारा घोटाला मामले में हाल ही में जमानत पर जेल से रिहा हुए लालू प्रसाद यादव की मुश्किलें और बढ़ सकती है। हालांकि सीबीआई की ओर से अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। लालू यादव इस समय दिल्ली में हैं और उनकी बेटी मीसा भारती भी यहीं है।