दिल्ली शराब घोटाला मामले में विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे है. मामले की जांच कर रही सीबीआई ने आज सुबह 11 बजे दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को पूछताछ के लिए मुख्यालय बुलाया. फ़िलहाल पूछताछ शुरू हो गई है, जिसमें दो अलग-अलग चरणों में सवाल जवाब पूछे जायेंगे. आम आदमी पार्टी ने दावा किया है कि सीबीआई ने सिसोदिया की गिरफ्तारी की मांग की है. हालांकि इसपर अभी कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया हैं.

सिसोदिया का शक्ति प्रदर्शन-

मनीष सिसोदिया सीबीआई मुख्यालय जाने से पहले आम आदमी पार्टी के दफ्तर पहुंचे. उन्होंने राजघाट जाकर बापू का आशीर्वाद भी लिया. कार में सवार होकर सीबीआई मुख्यालय जाते समय मनीष सिसोदिया के साथ कई पार्टी कार्यकर्ता भी नजर आये. इस दौरान उन्होंने कहा कि हम तानाशाही के सामने कभी नहीं झुकेंगे. षड्यंत्रकारियों के ख़िलाफ़, ये आज़ादी की दूसरी लड़ाई है.

बीजेपी पर सिसोदिया का वार-

सीबीआई ऑफिस जाने से पहले मनीष सिसोदिया कई ट्वीट कर चुके हैं. सिसोदिया ने ट्विट के ज़रिये बीजेपी पर जमकर निशाना साधा. सीबीआई एक्शन पर सिसोदिया ने कहा कि गुजरात में AAP की सरकार बन रहीं हैं जिसे देखते हुए बीजेपी चुनाव से पहले हमे बदनाम करने के लिए सीबीआई का सहारा ले रही है.

उन्होंने बीजेपी पर हमला बोलते हुए लिखा कि मेरे ख़िलाफ़ पूरी तरह से फ़र्ज़ी केस बनाकर इनकी तैयारी मुझे गिरफ़्तार करने की है. मुझे आने वाले दिनों में चुनाव प्रचार के लिए गुजरात जाना था. ये लोग गुजरात बुरी तरह से हार रहे हैं. इनका मक़सद मुझे गुजरात चुनाव प्रचार में जाने से रोकना है. लेकिन मेरे जेल जाने से गुजरात का चुनाव प्रचार रुकेगा नहीं.

आगे लिखा कि आज हर गुजराती खड़ा हो गया है. अच्छे स्कूल, अस्पताल, नौकरी, बिजली के लिए गुजरात का बच्चा बच्चा अब चुनाव प्रचार कर रहा है. गुजरात का आने वाला चुनाव एक आंदोलन होगा. मेरे ख़िलाफ़ एक पूरी तरह से फ़र्ज़ी केस बनाया हुआ है. मेरे घर रेड की, कुछ नहीं मिला, मेरे सारे बैंक लॉकर देखे, कुछ नहीं मिला, मेरे गाँव में जाकर सारी जाँच की, कुछ नहीं मिला. ये केस पूरी तरह से फ़र्ज़ी है.