दिल्ली शराब घोटाला मामले में डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया से पूछताछ होगी. सीबीआई कल सुबह 11 बजे से सिसोदिया से पूछताछ करेगी. इसके लिए सीबीआई ने मनीष सिसोदिया के खिलाफ समन जारी किया हैं. इससे पहले सीबीआई ने सिसोदिया के घर पर भी छापा मारा था.

समन पर सिसोदिया का रिएक्शन-

सीबीआई द्वारा समन जारी किये जाने के बाद मनीष सिसोदिया ने ट्विट कर इसपर रिएक्शन दिया. उन्होंने ट्विट में लिखा कि मेरे घर पर 14 घंटे CBI रेड कराई, कुछ नहीं निकला. मेरा बैंक लॉकर तलाशा, उसमें कुछ नहीं निकला. मेरे गाँव में इन्हें कुछ नहीं मिला. अब इन्होंने कल 11 बजे मुझे CBI मुख्यालय बुलाया है. मैं जाऊँगा और पूरा सहयोग करूँगा. सत्यमेव जयते.

ईडी की छापेमारी-

इससे पहले शुक्रवार (14 अक्टूबर) को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दिल्ली आबकारी घोटाला मामले में कई जगह छापेमारी की थी. पीटीआई के अनुसार, मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत, ईडी के अधिकारियों ने राजधानी दिल्ली में कम से कम 25 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया था. दिल्ली में कई बड़े शराब डीलरों के घरों और अन्य जगहों पर तलाशी अभियान चलाया गया.

अधिकारियों के अनुसार, जिन परिसरों का निरीक्षण किया गया है, वे शराब के व्यापार और वितरण से जुड़े निजी प्रतिष्ठान हैं. ईडी इस मामले में अब तक कई जगहों पर छापेमारी कर शराब कारोबारी और शराब बनाने वाली कंपनी इंडोस्पिरिट के प्रबंध निदेशक समीर महेंद्रू को पिछले महीने गिरफ्तार कर चुकी है.