प्रदेश के निकाय चुनाव के लिए प्रथम चरण के लिए हुई वोटिंग के नतीजे रविवार को आ गए। 11 नगर निगमों से भाजपा ने सात में जीत दर्ज़ कर नतीजों का पहला राउंड जीत लिया। भाजपा ने नगर पालिका के परिणामों में भी प्रचंड जीत हासिल की है। जीत पर भाजपा के प्रदेश कार्यालय में जश्न मनाया गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी इस जश्न में शामिल हुए और दिग्गजों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाई।
रविवार को घोषित परिणामों में राजधानी भोपाल, इंदौर, सतना, बुरहानपुर, उज्जैन, खंडवा और सागर नगर निगम पर भाजपा दोबारा कब्जा करने में कामयाब रही जबकि जबलपुर, ग्वालियर और छिंदवाड़ा नगर निगम कांग्रेस ने भाजपा से छीन लिए। वहीं सिंगरौली नगर निगम से आम आदमी पार्टी प्रदेश में अपना खाता खोलने में कामयाब रही।
हालांकि अब तक इन सभी 11 नगर निगमों में भाजपा का कब्जा था, ऐसे में उसके हाथ से चार नगर निगम निकल गए लेकिन भाजपा ने नगर पालिका के परिणामों में प्रचंड जीत हासिल की। प्रदेश में 36 नगर पालिकाओं के लिए हुई मतगणना में 31 पर भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिला है। कांग्रेस केवल 4 नगर पालिकाओं पर ही सिमट गई।
भोपाल नगर निगम में भाजपा की उम्मीदवार मालती राय, इंदौर में पुष्यमित्र भार्गव, सागर में संगीता तिवारी, खंडवा ने अमृता यादव, सतना से योगेश ताम्रकर, उज्जैन से मुकेश टटवाल और बुरहानपुर से माधुरी पटेल ने जीत हासिल की। 11 निगमों में कांग्रेस ने अपने तीन विधायकों इंदौर में संजय शुक्ला, सतना में सिद्धार्थ कुशवाह और उज्जैन में महेश परमार पर दांव लगाया था और तीनों ही चुनाव हार गए।
वहीं कांगेस के लिए ग्वालियर में शोभा सिकरवार ने जीत दर्ज कर भाजपा को सकते में डाल दिया। जबलपुर से कांग्रेस उम्मीदवार जगत बहादुर अन्नू ने जीत हासिल की। वहीं कमलनाथ के गढ में विक्रम अहाके ने कांग्रेस को जीत दिलाई। बुरहानपुर और उज्जैन में कांग्रेस को मामूली अंतर से हार का सामना करना पड़ा।
प्रदेश में सबसे चौंकाने वाला नतीजा सिंगरौली नगर निगम से आया। यहां आम आदमी पार्टी की रानी अग्रवाल ने भाजपा और कांग्रेस दोनों को धूल चटा दी। इसके साथ ही आम आदमी ने पहली बार प्रदेश में बड़ी जीत से खाता खोला है, यह भविष्य की राजनीति के लिए बड़ा संकेत माना जा रहा है।
दूसरी ओऱ असदउद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने भी प्रदेश में खाता खोल लिया है। खंडवा नगर निगम के वार्ड-1 में ओवैसी की पार्टी के उम्मीदवार ने जीत हासिल की है। वहीं जबलपुर में भी AIMIM ने दो वार्ड में जीत दर्ज़ की है। AIMIM की मध्यप्रदेश में यह पहली जीत है। दूसरे चरण में हुए मतदान वाले 5 नगर निगम और अन्य नगरीय निकाय के नतीजे 20 जुलाई को घोषित होना है।