भोपाल: अब सरकारी विभाग अपने चालान सायबर ट्रेजरी के वेब पोर्टल के माध्यम से ऑनलाईन जमा करा सकेंगे। पहले यह सुविधा विकसित नहीं थी जिसके कारण 31 मार्च 2023 तक भौतिक रुप से चालान जमा करने की छूट दी गई थी।

राज्य के वित्त विभाग के अंतर्गत आने वाले आयुक्त कोष एवं लेखा ने सभी विभागों के बजट नियंत्रण अधिकारियों को पत्र जारी कर कहा है कि सायबर ट्रेजरी में वेब पोर्टल के अंतर्गत वर्क डिपाजिट के चालान ओवर द काउण्टर के माध्यम से जमा करने की सुविधा विकसित की गई है।

ऑनलाईन चालान जमा करने के उपरान्त, चालान की राशि विंध्यांचल भवन भोपाल स्थित ट्रेजरी के कैश एकाउण्ट एवं सीटीआर रिपोर्ट में प्रदर्शित होगी। इसी प्रकार, चालान का विवरण एवं सीटीआर रिपोर्ट आईएफएमआईएस में संबंधित डीडीओ के लॉगिन पर सायबर रिसिप्ट में भी प्रदर्शित होगी।