चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में सामने आए वीडियो लीक मामले के बाद 24 सितंबर तक कक्षाएं बंद कर दी गई हैं। साथ ही अभिभावक अब अपने बच्चों को लेने यूनिवर्सिटी पहुँच रहे हैं। दूसरी ओर मामले में आरोपी छात्रा और उसका बॉयफ़्रेंड समेत 3 लोगों की गिरफ़्तारी हुई है।
विश्वविद्यालय प्रबंधन ने सभी हॉस्टल के वार्डन का तबादला कर दिया है। छात्रों का आरोप है कि प्रबंधन और प्रशासन पूरे मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है। छात्र-छात्राओं का आरोप है कि उन्हें प्रताड़ित कर मुंह न खोलने का दबाव बनाया जा रहा है। लगा रहे हैं।
इधर प्रशासन द्वारा सभी मांगें स्वीकार करने के बाद देर रात करीब डेढ़ बजे आक्रोशित छात्रों ने धरना खत्म कर दिया। शनिवार देर शाम से छात्र-छात्राओं द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा था। प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों का आरोप है कि एक लड़की ने गर्ल्स हॉस्टल की 5 से 6 छात्रों का नहाते वक्त वीडियो बनाया और उसको अपने जान पहचान वाले लड़के को सेंड कर दिया जिसने उन्हें वायरल कर दिया।
पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी छात्र और उस लड़की को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी छात्रा के बॉयफ्रेंड को शिमला के ढली से पकड़ा गया है। उसका नाम रंकज वर्मा है। वहीं उसके दोस्त और दूसरे आरोपी सन्नी मेहता को रोहड़ू से अरेस्ट किया गया है।
CM भगवंत मान ने मामले की जाँच के आदेश दिए हैं। इससे पहले रविवार सुबह मोहाली के एसएसपी विवेकशील सोनी और रोपड़ रेंज के डीआईजी गुरप्रीत सिंह भुल्लर मामले की जांच के लिए CU कैंपस पहुंचे। दोनों अफसरों ने दावा किया कि किसी छात्रा का कोई वीडियो वायरल नहीं हुआ और स्टूडेंट्स को गलतफहमी हो गई थी। इसी बात से यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट्स भड़क उठे थे।