Chhattisgarh Election 2023: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘विजय संकल्प रैली’ के ज़रिये आगामी विधानसभा चुनाव का आग़ाज करने छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचे. छत्तीसगढ़ में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं. ऐसे में पीएम मोदी का छत्तीसगढ़ दौरा काफी अहम माना जा रहा हैं.

चुनावी सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास के सामने एक बहुत बड़ा पंजा दीवार बनकर खड़ा हो गया है. ये कांग्रेस का पंजा है, जो आपसे आपका हक छीन रहा है. इस पंजे ने ठान लिया है कि वह छत्तीसगढ़ को लूट-लूट कर बर्बाद कर देगा.

कांग्रेस का घोषणापत्र का जिक्र करते हुए पीएम मोदी बोले, गंगा जी की झूठी कसम खाने का पाप कांग्रेस ही कर सकती है. गंगा जी की कसम खाकर इन्होंने एक घोषणा-पत्र जारी किया था और उसमें बड़ी-बड़ी बातें की थी लेकिन आज उस घोषणा-पत्र की याद दिलाते ही कांग्रेस की याददाश्त ही चली जाती है.

पीएम मोदी ने आगे कहा, छत्तीसगढ़ से 36 वादे जो कांग्रेस ने किए थे, उसमें एक ये था कि राज्य में शराबबंदी की जाएगी. 5 वर्ष बीत गए लेकिन सच ये है कि कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में हजारों करोड़ का शराब घोटाला कर दिया है और इसकी पूरी जानकारी अखबारों में भरी पड़ी है.

करप्शन के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, कांग्रेस के लिए छत्तीसगढ़ एक एटीएम की तरह है. Coal माफिया, Sand माफिया, Land माफिया, न जाने कैसे-कैसे माफिया यहां फल-फूल रहे हैं. यहां सूबे के मुखिया से लेकर तमाम मंत्रियों और अधिकारियों तक पर घोटाले के गंभीर से गंभीर आरोप लगते रहे हैं. आज छत्तीसगढ़ सरकार, कांग्रेस के करप्शन और कुशासन का मॉडल बन चुकी है. कांग्रेस के कोर-कोर में करप्शन है. करप्शन के बिना कांग्रेस सांस भी नहीं ले सकती है.

उन्होंने आगे कहा, करप्शन, कांग्रेस की सबसे बड़ी विचारधारा है. जिनके दामन दागदार हैं, वे आज एक साथ आने की कोशिश कर रहे हैं. जो एक-दूसरे को पानी पी-पीकर कोसते थे, वे आज साथ आने के बहाने खोजने लगे हैं. देश के हर भ्रष्टाचारी को एक बात कान खोलकर सुन लेनी चाहिए. वो अगर भ्रष्टाचार की गारंटी है, तो मोदी भ्रष्टाचार पर कार्रवाई की गारंटी है.

कांग्रेस के बयानों पर तंज कसते हुए पीएम मोदी बोले, ये लोग मेरे पीछे पड़ेंगे, मेरी कब्र खोदने की धमकी देंगे, मेरे खिलाफ साजिशें रचेंगे. लेकिन उन्हें पता नहीं है, जो डर जाए वह मोदी नहीं हो सकता है.

कांग्रेस की गारंटियों पर पीएम मोदी ने कहा, अपने कुशासन और भ्रष्टाचार के दाग को कांग्रेस अब झूठी गारंटियों से छिपाने की कोशिश कर रही है. आपको ऐसी झूठी गारंटियों से बहुत सतर्क और सावधान रहने की ज़रूरत है. ये भाजपा है जो असली गारंटी देती है, जो वादा करती है, उसे पूरा करके दिखाती है.

उन्होंने कहा, पिछले 9 वर्षों में केंद्र की बीजेपी सरकार ने छत्तीसगढ़ के धान किसानों को 1 लाख करोड़ रुपये से भी अधिक दिए हैं. इस साल भी यहां के धान किसानों को 22 करोड़ रुपये से अधिक दिए गए हैं. ये बीजेपी ही है जो किसानों की मेहनत को समझती है और उनके लिए काम कर रही है. जबकि कांग्रेस सिर्फ और सिर्फ किसानों को धोखा दे रही है और उनसे झूठ बोल रही है.