नई दिल्ली. जस्टिस यूयू ललित देश के अगले सीजेआई बन सकते हैं., मुख्य न्यायाधीश एनवी रमना ने गुरुवार को उत्तराधिकारी के रूप में न्यायमूर्ति यूयू ललित के नाम की सिफारिश की। न्यायमूर्ति रमना ने सरकार को सुबह न्यायमूर्ति ललित की सिफारिश की एक प्रति सौंपी। केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने बुधवार को सीजेआई को पत्र लिखकर अपने उत्तराधिकारी के नाम की सिफारिश करने का अनुरोध किया था. मुख्य न्यायाधीश रमना 26 अगस्त को सेवानिवृत्त होंगे।

न्यायमूर्ति ललित 27 अगस्त को भारत के 49वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ले सकते हैं। उनका कार्यकाल छोटा यानि महज 74 दिनों का होगा। जस्टिस ललित 8 नवंबर को सेवानिवृत्त हो जाएंगे और उनके बाद जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ को भारत के 50वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया जा सकता है।

शीर्ष अदालत द्वारा इस संबंध में साझा की गई जानकारी में कहा गया है कि भारत के मुख्य न्यायाधीश के सचिवालय को कानून और न्याय मंत्री से एक पत्र मिला है. 3 अगस्त 2022 को मिले इस पत्र में सीजेआई से उनके उत्तराधिकारी के नाम की सिफारिश करने का अनुरोध किया गया है।

यदि न्यायमूर्ति ललित को सीजेआई नियुक्त किया जाता है तो वे सुप्रीम कोर्ट की बेंच में सीधे पदोन्नत होने वाले दूसरे सीजेआई बन जाएंगे।