मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ओल्ड कैंपियन स्कूल भोपाल में 12 से 14 आयु वर्ग के बालक और बालिकाओं के COVID19 वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ किया। इस मौके पर चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग एवं विधायक कृष्णा गौर उपस्थित थीं। सीएम शिवराज ने COVID19 वैक्सीनेशन अभियान के जन जागरण पर केंद्रित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया।

विमोचन के बाद सीएम शिवराज बोले, मैं सभी पालक, माता-पिता और नागरिकों से अपील करता हूं कि अपने बच्चों को वैक्सीन जरूर लगवाएं ताकि कोविड की चौथी लहर अगर आए तो मेरे भांजा-भांजी पूरी तरह से सुरक्षित रहें। सभी की पढ़ाई-लिखाई चलती रहे, खेल-कूद चलता रहे। चिन्हित स्कूल, सरकारी अस्पतालों में बच्चों को वैक्सीन लगाई जाएगी। बच्चों इस वैक्सीनेशन का कोई साइड इफेक्ट नहीं है, कोई परेशानी नहीं है। आप सभी टीका लगवाएं, अपने साथियों को भी वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित करें।

सीएम ने कहा, अभी कोविड से सावधान रहना है। टीकाकरण ही इसका उपाय है। मैं प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देता हूं क्योंकि आज 12 से 14 साल के बेटा-बेटियों का टीकाकरण अभियान प्रारंभ हो रहा है। अब तक देश में 181 करोड़ लोगों को वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी। तीसरी लहर इसलिए प्रभावी नहीं हुई, क्योंकि ज्यादातर लोगों ने वैक्सीन लगवा ली थी। मध्यप्रदेश में अब तक 11 करोड़ 44 लाख पहला, दूसरा और प्रिकॉशन डोज लगाया जा चुका है। 

शिवराज बोले, वो दिन भी याद आते हैं जब ऑक्सीजन के टैंकर ट्रेन और हवाई जहाज से आते थे। कोरोना के खिलाफ दिन-रात हम लड़े। प्रधानमंत्री ने वैक्सीन बनाने के लिए टास्क फोर्स गठित की और हमारे वैज्ञानिकों ने स्वदेशी वैक्सीन का निर्माण किया। प्रधानमंत्री मोदी जी को हृदय से धन्यवाद देना चाहता हूं। उनके नेतृत्व में हम कोरोना से लड़े। हमने अस्पताल, बिस्तर, ऑक्सीजन बेड, आईसीयू बेड की व्यवस्था की। आज 23 मार्च यानी शहीद दिवस है..! अमर शहीद भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु जी का बलिदान दिवस है। मैं उनके चरणों में प्रणाम करता हूं। आज से बच्चों का टीकाकरण अभियान शुरू हो गया है। सभी बच्चे बड़े उत्साह के साथ यहां वैक्सीन लगवाने आए हैं। ये बच्चे कल के मध्यप्रदेश का निर्माण करेंगे।