पंजाब में 20 फरवरी को मतदान होना है। ऐसे में राज्य की सियासत गरमा गई है। हाल ही में कवि कुमार विश्वास ने पंजाब और अरविंद केजरीवाल पर कमेंट किया था। इसे लेकर अब सियासी गर्मागर्मी भी तेज़ हो गई है। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने मांग की है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुमार विश्वास के आरोपों की जांच करें।

गौरतलब है कि सीएम चन्नी ने ट्वीट किया था कि पंजाब के सीएम के तौर पर मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह करता हूं कि कुमार विश्वास ने हाल ही में जो कहा है, उसकी निष्पक्ष जांच कराएं। उन्होंने यह भी कहा कि राजनीति को किनारे कर पंजाब की जनता ने अलगाववाद के खिलाफ लड़ाई में भारी कीमत चुकाई है। पीएम को हर पंजाबी की चिंताओं को दूर करने की जरूरत है।

बता दें कि कवि कुमार विश्वास का एक वीडियो सामने आया था। जिसमें वह कह रहे हैं कि अरविंद केजरीवाल का सपना पंजाब में सत्ता हासिल करना है। कुमार विश्वास ने यह भी कहा, 'अरविंद केजरीवाल ने मुझसे कहा था कि मैं पंजाब का मुख्यमंत्री या एक स्वतंत्र देश (खालिस्तान) का प्रधानमंत्री बनना चाहता हूं।

इसके बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया। पंजाब के सीएम ने मामले की जांच की मांग की है और पीएम से हर पंजाबी की चिंताओं को दूर करने की अपील की है। विधानसभा चुनाव के बीच पंजाब में सियासी माहौल तेज हो गया है। अब हर कोई आम आदमी पार्टी पर निशाना साध रहा हैं।

देश के चर्चित कवि कुमार विश्वास का एक वीडियो सामने आने के बाद से ही AAP बैकफुट पर आ गई है. पार्टी ने कहा कि, चुनाव से पहले दिल्ली के सीएम केजरीवाल को बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। आप की शिकायत के बाद चुनाव आयोग ने वीडियो के प्रसारण पर रोक लगा दी। लेकिन एक घंटे बाद इसे हटा लिया गया। एक पत्र में, राज्य के अतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारी ने राजनीतिक दलों से वीडियो प्रसारित नहीं करने को कहा। लेकिन कुछ घंटे बाद आदेश वापस ले लिया गया।