मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हवाई जहाज द्वारा इंदौर से शिरडी जा रहे आगर मालवा के 32 तीर्थ यात्रियों को वीडियो कॉन्फ्रेंस द्वारा शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना में हवाई जहाज द्वारा श्रद्धालुओं को तीर्थ यात्रा करवाने वाला मध्यप्रदेश पहला प्रदेश है।
इंदौर से शिरडी हवाई जहाज द्वारा जाने वाले यात्रियों को मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार ने तीर्थ दर्शन योजना को बंद कर दिया था। अब मध्य प्रदेश सरकार ने योजना में नए आयाम जोड़े हैं।
मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का मानना है कि हवाई चप्पल पहनने वाला व्यक्ति भी हवाई जहाज से यात्रा करने का पात्र है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर व्यक्ति की जीवन की एक बड़ी इच्छा होती है तीर्थ दर्शन। भौतिक सुख के साथ आध्यात्मिक प्रगति भी आवश्यक है। मध्यप्रदेश सरकार रेल यात्रा द्वारा तीर्थ दर्शन करवाती थी। अब हवाई जहाज से यात्री विभिन्न स्थानों पर जा रहे हैं।
इंदौर एयरपोर्ट पर तीर्थयात्रियों के रवाना होने के अवसर पर सांसद शंकर लालवानी, विधायक रमेश मेंदोला,पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।