मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद वीडी शर्मा ने कटनी में 85 करोड़ 49 लाख 45 हजार रुपए की लागत से नवनिर्मित रेलवे ओवर ब्रिज का लोकार्पण किया।
लाइव अपडेट :
सीएम शिवराज बोले, प्रदेश के विकास के काम के साथ ही जनता की जिंदगी बदलने का काम भी हमारी सरकार का संकल्प है। कोरोना काल के बड़े बिजली के बिल हमने स्थगित कर दिये। अब गरीबों के उन स्थगित बड़े बिलों को जो 6 हजार 400 करोड़ रुपये के हैं, उसे प्रदेश सरकार भरेगी। नवरात्रि चल रही है और हम सभी प्रार्थना करते हैं कि- या देवी सर्वभूतेषु लक्ष्मी रूपेण संस्थिता। नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:॥ लक्ष्मी मैया कृपा की वर्षा करना, ताकि मध्यप्रदेश की जनता की सेवा में धन की कमी न आने पाये।
शिवराज बोले, एक ही घर में कई परिवार रहने को मजबूर हैं, तो ऐसे परिवारों को भूखण्ड देकर रहने की जमीन का मालिक बनायेंगे। अगले तीन साल में कोई गरीब बिना पक्के मकान के नहीं रहेगा। लेकिन कटनी वालों यह आपकी भी जवाबदारी है कि कटनी स्वच्छ और सुंदर रहे। जैसे स्वच्छता में इंदौर है, आप भी संकल्प लीजिये कि अपनी कटनी को स्वच्छ और सुंदर बनायेंगे।
वीडी शर्मा बोले, कटनी को मध्य प्रदेश के सबसे ऊंचे पुल की सौगात देने के लिए सीएम शिवराज सिंह और कैबिनेट मंत्री गोपाल भार्गव का क्षेत्र की जनता की ओर से हार्दिक धन्यवाद। पीएम मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार द्वारा नागरिकों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएँ चलाई जा रही है। आज़ादी के बाद ऐसा पहली बार हो रहा है कि कोई सरकार देश के हर घर में नल से शुद्ध जल उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है। पीएम मोदी के नेतृत्व में केन्द्र और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के नेतृत्व में राज्य सरकार सड़क, बिजली और पानी की समस्या का समाधान कर चुकीं है। देश में इस तरह के अब मुद्दे नहीं बचे हैं।