Delhi News: दिल्ली सरकार ने बस स्टॉप पर महिलाओं के लिए बस नहीं रोकने पर ड्राइवर को सस्पेंड कर दिया है. इसका वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला सुर्ख़ियों में आया था, जिसके आधार पर बस ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई की गई है. वायरल वीडियो में आप देख भी सकते हैं कि यात्रियों को उतारने के लिए बस स्टॉप पर कुछ सेकेंड के लिए बस रूकती है.
उस दौरान तीन महिलाओं को बस में चढ़ने की कोशिश करते देखा जा सकता है. हालांकि, बस चालक ने महिलाओं के बस में चढ़ने का इंतजार किए बिना ही तुरंत बस आगे बढ़ा ली, जिसके कारण महिलाएं बस में चढ़ नहीं कर सकी. सरकारी अधिकारियों के अनुसार, बस के चालक की पहचान कर ली गई है और उसे अब सस्पेंड कर दिया गया है.
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि कुछ बस चालक महिला यात्रियों को बस में बैठा नहीं रहें हैं. ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी. सीएम केजरीवाल ने ट्विटर पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि ऐसी शिकायतें आ रही हैं कि कुछ ड्राइवर महिलाओं को देखकर बस नहीं रोकते क्योंकि महिलाओं का सफर फ्री है. इसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. इस बस ड्राइवर के ख़िलाफ़ सख़्त एक्शन लिया जा रहा है.
देंखे वायरल वीडियो:
बता दें कि 29 अक्टूबर 2019 से डीटीसी की बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा जारी है. ख़बरों के मुताबिक, साल 2021-22 में महिला यात्रियों ने डीटीसी बसों में 13.04 करोड़ जबकि क्लस्टर बसों में 12.69 करोड़ मुफ्त यात्राएं कीं हैं.