भाजपा द्वारा राज्य भर में निकाली जा रही विकास यात्राओं का समापन हो गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को सीहोर और रायसेन जिले के सीमावर्ती बकतरा में विकास यात्रा के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान सीएम शिवराज सिंह ने 'लाड़ली बहना योजना' को सामाजिक क्रांति बताया। इस योजना को सियासी गलियारों में आगामी विधानसभा चुनावों में गेमचेंजर भी माना जा रहा है।
विकास यात्रा के समापन कार्यक्रम में सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती से प्रारंभ हुई 'लाड़ली बहना योजना' बहनों की जिंदगी बदलने का अभियान भी है। योजना से गरीब महिलाओं के सशक्तिकरण के लिये मेरे द्वारा की गई तपस्या पूरी होगी।
https://twitter.com/OfficeofSSC/status/1629804396484915200?s=20
मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने कहा कि बेटियों और बहनों की जिंदगी बदलने का यह महायज्ञ है, जो उनके युवावस्था के आंदोलनों और बेटा-बेटियों को समान मानने की सोच से उभरा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के प्रति सम्मान बढ़ाने और उन्हें सशक्त बनाने के लिए कन्या विवाह/निकाह और लाड़ली लक्ष्मी जैसी अनेक योजनाओं को लागू किया गया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का कमाल है कि आज गरीब के घर में बेटी लखपति पैदा होती है और अब बेटी की पहचान वरदान के रूप में होती है।
इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने बकतरा में सीएम राइज स्कूल खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आज बुधनी विधानसभा क्षेत्र में कोई खेत सिंचाई और कोई भी गाँव बिना सड़क के नहीं है। उन्होंने बकतरा के अनेक गाँव को जोड़ने वाले कई मार्गों का भूमि-पूजन भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 20 साल पहले बुधनी हर क्षेत्र में पिछड़ा था। पिछली 15 माह की सरकार द्वारा गाँव, गरीब और वंचितों की योजनाओं को बंद कर आमजन के साथ कुठाराघात किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए संकल्पित है।