मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार नसरुल्लागंज में जनसहयोग से बनी स्मार्ट क्लास का शुभारंभ किया। इस मौके पर सीएम शिवराज ने 10वीं और 12वीं क्लास में अच्छा रिजल्ट लाने वाले जिले के 10 स्कूलों को स्मार्ट क्लास के लिए 5-5 लाख रुपए अतिरिक्त प्रदान किए जाने का एलान किया। 

मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि हम 1 लाख 14 हजार पदों पर भर्तियां निकाल रहे हैं। हमारे बच्चे इन शासकीय सेवाओं में चयनित हों और रोजगार से लगें इसके लिए हमने शाहगंज व नसरुल्लागंज में मामा कोचिंग क्लासेस शुरू की है।

परीक्षा में सफलता को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि मेरे बच्चों, अर्जुन की तरह लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखो और एकाग्रचित्त होकर प्रयास करो। जितनी देर भी पढ़ाई करो, फोकस होकर पढ़ाई करो, तो लक्ष्य सुगमता से प्राप्त होगा। 

मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि अपने भांजे, भांजियों के लिए मैं प्राइवेट स्कूलों की तर्ज पर सीएम राइज स्कूल खोल रहा हूं। इन स्कूलों में स्मार्ट क्लास, खेल के मैदान, लैब होंगे। शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर होगी, तो हमारे बच्चों का भविष्य भी उज्ज्वल होगा। हम इसी ध्येय से कार्य कर रहे हैं।