MP Politics: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक तरफ जहां मौसम में बदलाव के बाद ठंडी हवाएं शुरू हो गई है. तो वहीं, दूसरी तरह चुनावी साल में सियासत काफी गरम दिखाई दे रहीं हैं. इसी साल प्रदेश में विधानसभा चुनाव हैं. अब चुनावी उलटी गिनती भी शुरू हो चुकी है. ऐसे में रोजाना मौसम की तरह ही सियासत में भी बदलाव साफ दिखाई दे रहा है.

ये बदलाव इसलिए क्योंकि अब सियासी बयानबाजियों के बीच राजधानी भोपाल में पोस्टर वार शुरू हो चुका है. आज सुबह शाहपुरा इलाके में लगे पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के पोस्टर से सियासी पारा चढ़ा हुआ है. ये पोस्टर सियासी गलियारों में इसलिए चर्चाओं में हैं क्योंकि इसमें कमलनाथ को वॉन्टेड और ‘करप्शन नाथ’ तक बता दिया गया. साथ ही पोस्टर में एक बार कोड भी दिखाई दे रहा है.

मोबाइल से बारकोड स्कैन करने पर वीडियो शुरू होता हैं. कोड से पहले पोस्टर में लिखा हुआ है- करप्शन नाथ के कांड जानें. इसके अवाला पोस्टर और स्कैन वीडियो में कमलनाथ सरकार के 15 महीनों का जिक्र करते हुए घोटालों की बात कही गई है. फ़िलहाल, ये पोस्टर किसने लगाये हैं यह तो जांच का विषय हैं लेकिन हां कांग्रेस ने बीजेपी पर पोस्टर लगाने का आरोप लगाया हैं.

कांग्रेस मीडिया सलाहकार पीयूष बबेले ने ट्वीट करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मांग की है कि मुख्यमंत्री अपनी ओर से कार्यवाही करते हुए ऐसे पोस्टर लगाने वालों को गिरफ्तार करें और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दें.

वायरल पोस्टर पर कमलनाथ बोले- बीजेपी नेता भ्रष्टाचार में लिप्त

वहीं, इस वायरल पोस्टर पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का भी बयान सामने आया है. प्रेस कांफ्रेस के ज़रिये बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कमलनाथ बोले, मेरे ऊपर 47 साल के राजनैतिक जीवन में भ्रष्टाचार का आरोप कभी नहीं लगा. आज ये पोस्टर्स लगा रहे हैं. बीजेपी का एक-एक नेता भ्रष्टाचार में लिप्त है. कोई भ्रष्टाचार तब तक नहीं हो सकता, जब तक मुख्यमंत्री खुद उसमें भागीदार न हो. इन्होंने पंचायत से लेकर मंत्रालय तक भ्रष्टाचार का सिस्टम बनाया हुआ है. आज इनके पास मेरे लिए कुछ कहने को बचा नहीं. खुद जनता मेरी गवाह हैं. मुझे बीजेपी से कोई सर्टिफिकेट नहीं चाहिए.

पोस्टर पर गृह मंत्री नर्रोतम मिश्रा के कांग्रेस की अंदरूनी लड़ाई वाले बयान पर कमलनाथ बोले, ये सफाई क्यों देना चाह रहे हैं, कहें कि हमने लगाए हैं. कहें कमलनाथ भ्रष्टाचारी है, आगे जनता फैसला करेगी.

कमलनाथ के बाद दिखने लगे शिवराज के पोस्टर-

हालांकि, सुबह कमलनाथ के पोस्टर दिखाई दिए थे. तो वहीं अब शाम होने से पहले ही राजधानी में सीएम शिवराज के पोस्टर भी दिखाई देने लगे हैं. सीएम शिवराज के खिलाफ पोस्टर भोपाल के 5-6 नंबर बस स्टॉप के पास लगाए गए.

इन पोस्टरों में लिखा हुआ है, शिवराज के 18 साल, घपले और घोटालों की भरमार. फिर नीचे पोस्टर में गंभीर आरोप लगाए गए हैं. जिसमें डंपर घोटाला, व्यापमं महाघोटाला, पोषण आहार घोटाला, ई-टेंडरिंग घोटाला, कारम डैम घोटाला, कन्यादान घोटाला जैसे शब्दों का जिक्र किया गया है.

फ़िलहाल, एमपी में चुनावी समय काफी नजदीक है. ऐसे में सियासी बयानबाजी और पोस्टर वार तो शायद आगे भी दिखाई दें जाएँ. लेकिन हाँ, तमाम दावों-वादों के बीच कौन सत्ता की दहलीज चढ़ेगा या नहीं, ये सिर्फ और सिर्फ मध्य प्रदेश की जनता ही तय करेगी. ये पोस्टर सिर्फ वार-पलटवार का जरिया हो सकते हैं, चुनाव जीतने का नहीं.