संविधान निर्माता, भारत रत्न बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जी की 131वीं जयंती पर भोपाल में आयोजित कार्यक्रम से सीएम शिवराज बोले, आज देश जिस संविधान से चल रहा है, उसे भेदभाव से रहित, पक्षपात से दूर, अन्याय से बचाने वाला, शांति, एकता, प्रेम भाईचारा और सामाजिक न्याय वाला संविधान बनाने वाले बाबा साहब अम्बेडकर हैं। वह एक महान राजनेता, दार्शनिक, अर्थशास्त्री, शिक्षाविद, सामाजिक चिंतक, लेखक और महान विधिवेत्ता थे। सही अर्थों में तो वह संपूर्ण मानव जाति के मसीहा थे।
देखिये लाइव :
उन्होंने कहा, बाबा साहब कहा करते थे कि मनुष्य का जीवन लंबा होने की बजाय महान होना चाहिए, और इंसान महान बनता है कर्मों के आधार पर..! इसीलिए हमने "डॉ. अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना" में 1 लाख रुपये तक का लोन देने की व्यवस्था की है, जिसमें ब्याज की भरपाई भी प्रदेश सरकार करेगी। इसी साल शुरू हुई "मध्य प्रदेश युवा उद्यमी योजना" में अनुसूचित जाति एवं जनजाति के बेटा बेटी अगर अपना रोजगार खड़ा करना चाहते हैं तो उन्हें 50 लाख तक की मदद बैंक से दिलाई जाएगी। बैंकों को वह पैसा वापस करने की गारंटी मामा की है।
सज्जनों के लिए कोमल, और दुष्टों के लिए वज्र से ज्यादा कठोर है हमारी सरकार : cm
शिवराज बोले, मध्यप्रदेश की धरती पर कोई गरीब बिना पक्के मकान के नहीं रहेगा। इस वर्ष हमने 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जिससे अगले तीन वर्षों में करीब 10-10 लाख करके कुल 30 लाख मकान बनायेंगे। 21 हजार एकड़ जमीन हमने प्रदेश में गुंडों, बदमाशों, माफियाओं के कब्जे से भूमि मुक्त कराई है। इस भूमि पर गरीबों के लिए मकान बनाये जायेंगे। मेरे भाइयों बहनों मैं आप सब से एक बात कहना चाहता हूं कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बाबा साहब के बताए संविधान पर चलेगी। हमने तय किया है कि जो सबसे पीछे, सबसे नीचे है उन्हें उनका हक सबसे पहले देंगे।
उन्होंने कहा, कुछ लोग प्रदेश को दंगे की आग में झोंकने का प्रयास कर रहे हैं। मेरे भाइयों-बहनों प्रदेश सरकार के लिए सब बराबर हैं, चाहे वे किसी भी पंथ और संप्रदाय के हैं। सज्जनों के लिए फूल से भी कोमल और दुष्टों के लिए वज्र से ज्यादा कठोर है हमारी सरकार..! गड़बड़ करने वालों के खिलाफ हम कार्यवाही करेंगे और दिग्विजय सिंह जी आप उनको नहीं बचा सकते। आप सभी सारे त्यौहार ईद, गुड फ्राइडे, हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम और उत्साह के साथ भाईचारे के साथ मनाएं। मेरी सरकार सबके साथ है। जिन्होंने घर जलाए उनके खिलाफ कार्यवाही होगी, उनसे ही वसूली की जाएगी उनको छोडूंगा नहीं। जिनके घर जले हैं मामा उनके घर फिर से बनवाएगा। मध्य प्रदेश शांति का टापू है इसकी शांति भंग नहीं होनी चाहिए।