मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज बालाघाट के दौरे पर थे। सीएम शिवराज ने बालाघाट के किरनापुर में आयोजित जिला स्तरीय स्वास्थ्य शिविर एवं स्व-सहायता समूह सम्मेलन एवं मलेरिया नियंत्रण हेतु जागगरुकता के हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ कर स्वास्थ्य शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
लाइव-
सीएम शिवराज जिला स्तरीय स्वास्थ्य शिविर एवं स्व-सहायता समूह सम्मेलन से बोले, इस जिला स्तरीय स्वास्थ्य शिविर से कोई निराश नहीं लौटै, हम यह सुनिश्चित करेंगे। इसके लिए चाहे प्रदेश के किसी भी स्थान पर भेजना पड़े, भेजने और इलाज की समुचित व्यवस्था की जायेगी। हमारी स्वसहायता समूह की बहनें पोषण आहार बनायेंगी, कोदो-कुटकी और बच्चों का गणवेश तो तैयार करेंगी ही, लेकिन अब रोड रोलर भी चलायेंगी।
शिवराज ने कहा, राशन वितरण का काम भी हमारी स्वसहायता समूह की बहनें कर रही हैं। बहनें ईमानदारी से काम करके गरीबों को राशन वितरित कर रही हैं। लेकिन इसमें किसी और ने गड़बड़ी करने की कोशिश की, तो उस पर एफआईआर दर्ज करके सीधे जेल भेजा जायेगा। बेटा बड़ा होकर माता-पिता के बुढ़ापे की लाठी बनेगा कि नहीं, मैं इसकी गारंटी नहीं दे सकता हूं, लेकिन बेटी की जब तक सांस चलेगी, तब तक अपने माता-पिता का ध्यान रखेगी, इस बात की गारंटी मैं दे सकता हूं।
शिवराज बोले, मध्यप्रदेश में मेडिकल की पढ़ाई भी अब हिन्दी में होगी, ताकि अंग्रेजी को अच्छी तरह न जानने वाले हमारे बच्चे भी आगे बढ़ सकें। बालाघाट में आवास प्लस योजना में 85 हजार मकान बनाये जायेंगे। अगले तीन वर्षों में हम 30 लाख मकान बनायेंगे, ताकि मध्यप्रदेश की धरती पर कोई गरीब बिना पक्के मकान के न रहे।
बालाघाट दौरे की मुख्य बातें-
1. सीएम ने बालाघाट के किरनापुर में आयोजित जिला स्तरीय स्वास्थ्य शिविर एवं स्व-सहायता समूह सम्मेलन एवं मलेरिया नियंत्रण हेतु जागगरुकता के हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ कर स्वास्थ्य शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
2. सीएम ने स्वास्थ्य शिविर एवं स्व-सहायता समूह सम्मेलन में सिंगल क्लिक के माध्यम से स्व-सहायता समूहों को 10.12 लाख रुपये राशि का भुगतान किया।
3. सीएम ने बालाघाट के किरनापुर में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के साथियों को सामुदायिक निवेश निधि राशि और हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का हितलाभ सौंपा।
4. सीएम ने सम्मेलन में कन्यापूजन व स्व.दिलीप जी के चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित कर एम्बुलेंस तथा रोलर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास भी किया।
5. सीएम ने सम्मेलन में समूह की बहनों द्वारा तैयार उत्पादों का अवलोकन कर उसके संबंध में जानकारी ली और समूह को प्रगति एवं उन्नति के लिए शुभकामनाएं दी।