बजट 2022 पर बात करते हुए सीएम शिवराज ने कहा कि, मैं माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई देता हूं। यह नये और समृद्ध, शक्तिशाली व विकसित भारत का बजट है। अधोसंरचना विकास के लिए 35% से ज्यादा राशि बजट पर बढ़ाई गई है। इससे अधोसंरचना के विकास के साथ-साथ रोजगार के नये अवसर भी सृजित होंगे।

सीएम शिवराज ने कहा, यह किसानों की आय दोगुना करने का बजट है। खेती को टेक्नोलॉजी से जोड़ा गया है। हाईटेक टेक्नोलॉजी का लाभ किसान को कैसे मिले, इसका मार्ग प्रशस्त किया गया है। प्राकृतिक खेती को भी बढ़ावा दिया गया है। इससे लोगों के साथ धरती का भी स्वास्थ्य उत्तम रहेगा।

सीएम ने कहा, यह आम आदमी का बजट है, जिसमें गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की जिंदगी में खुशहाली लाने का प्रयास किया गया है। इस बजट में नई शिक्षा नीति को जमीन पर लागू करने के लिए पर्याप्त प्रावधान किया गया है।

उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व प्रगतिशील भारत में सबकी उन्नति का अवसर उपलब्ध है। 'वन स्टेशन, वन प्रोडक्ट' का यह अभूतपूर्व निर्णय छोटे किसानों और उद्यमियों के जीवन में ऐतिहासिक परिवर्तन लाने वाला सिद्ध होगा।