पुलवामा हमले की बरसी पर पूरे देश में 40 शहीद CRPF जवानों को श्रद्धांजलि दी जा रही है। इस बीच मध्यप्रदेश में पुलवामा हमले की बरसी पर भी सियासत सामने आई है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर पुलवामा में इंटेलिजेंस चूक का सवाल उठाया जिस पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने पलटवार किया है।
दरअसल दिग्गी ने दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर लिखा- आज हम उन 40 शहीद CRPF जवानों को श्रद्धांजलि देते हैं, जो पुलवामा में भारी इंटेलिजेंस चूक के कारण शहीद हो गए। मुझे उम्मीद है कि सभी शहीदों के परिवारों का अच्छे से पुनर्वास किया गया है।
इस ट्वीट के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिग्विजय सिंह के सवाल पर पलटवार किया है। सीएम शिवराज ने कहा कि मुझे लगता है कि दिग्विजय जी की बुद्धि फेल हो गई है। वे देश की सेना का अपमान करते हैं। वे पाकिस्तान की भाषा बोलते हैं। सेना का मनोबल गिराने की कोशिश करते हैं।
सीएम शिवराज ने आगे कहा कि जांच तो दिग्विजय सिंह की होनी चाहिए। उनके दिमाग में देश और सेना के खिलाफ बोलने का बीज डालता कौन है? साथ ही कांग्रेस पार्टी के DNA की जांच होनी चाहिए, जो भारत जोड़ने के नाम पर भारत तोड़ने वालों के साथ पदयात्रा में घूमते हैं। कांग्रेस नेता लगातार सेना की बहादुरी, राष्ट्रभक्ति पर सवाल उठा रहे हैं। सोनिया और राहुल गांधी को भी इसका जवाब देना चाहिए।