भोपाल : मध्य प्रदेश में निवेशकों को आमंत्रित करने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अगले महीने ब्रिटेन और अमेरिका का दौरा करेंगे। राज्य इस साल नवंबर में एक वैश्विक निवेशक शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा। कारोबारी घरानों को अर्थव्यवस्था में तेजी लाने के लिए निवेश की संभावनाओं के बारे में बताया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार अमेरिका, ब्रिटेन, स्विट्जरलैंड और जर्मनी के लिए मई के दूसरे सप्ताह से सीएम का दौरा निर्धारित है। वह निवेशकों से मिलेंगे और उन्हें मप्र में कारोबारी संभावनाओं के बारे में बताएंगे। वह दावोस में आगामी विश्व आर्थिक मंच में भी भाग ले सकते हैं।
चौहान टॉप व्यवसायियों को नवंबर में इंदौर में होने वाले निवेशक सम्मेलन में आमंत्रित करेंगे। इसकी तैयारी पिछले एक महीने से अधिक समय से चल रही है।
सीएम ने समिट की तैयारियों को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों से भी चर्चा की। चौहान ने कहा था कि आगामी समिट से पहले वह खुद नई दिल्ली और मुंबई में रोड शो में जाएंगे।
इन्वेस्टर्स समिट में भारत में स्थित विभिन्न देशों के राजदूतों को भी आमंत्रित किया जाएगा। कोयंबटूर, बैंगलोर, हैदराबाद, चेन्नई और अहमदाबाद सहित देश के प्रमुख स्थानों में रोड शो भी प्रस्तावित हैं।