बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मंगलवार सुबह 11.45 बजे इंदौर पहुंचे। उनके स्वागत के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, सांसद शंकर लालवानी, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। चार्टर प्लेन के उतरते ही वे सीधे उज्जैन के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने बाबा महाकाल के दर्शन किए। इस दौरान मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री तुलसी राम सिलावट, उषा ठाकुर, सांसद शंकर लालवानी, विधायक मालिनी गौर व रमेश मेंदोल, भाजपा प्रदेश महामंत्री कविता पाटीदार, जिलाध्क्ष गौरव रणदिवे उपस्थित रहे। 

मध्य प्रदेश में पोषण आहार संयंत्रों का संचालन महिला स्व-सहायता समूहों के परिसंघों द्वारा किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर सीएम शिवराज सिंह चौहान और अध्यक्ष जेपी नड्डा ने देवास में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में समूहों को संयंत्र की चाबी सौंपी। इसके साथ ही तीन सौ करोड़ रुपये के बैंक ऋण का वितरण भी किया। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल हुए।  

जेपी नड्डा का मिशन एमपी : 

जेपी नड्डा ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर देवास जिले से स्व-सहायता समूहों को ₹300 करोड़ की ऋण राशि का वितरण एवं पोषण आहार संयंत्र के हस्तांतरण कार्यक्रम का दीप प्रज्जवलित कर शुभारंभ किया। जेपी नड्डा ने एवं सीएम शिवराज ने देवास में स्व-सहायता समूहों को ₹300 करोड़ की ऋण राशि का वितरण किया एवं पोषण आहार संयंत्र के हस्तांतरण कर सांकेतिक रूप से चाबी सौंपी। नड्डा ने महिला दिवस पर महिलाओं के स्व सहायता समूहों को 300 करोड़ रुपए के क्रेडिट लिंकेज के लिए देवास में आयोजित कार्यक्रम में समूहों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। साथ ही कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि, हम जानते हैं कि मोदी सरकार ने महिला सशक्तिकरण के लिए और पोषण के कार्य को बढ़ाने के लिए पोषण अभियान चलाया और 8 मार्च, 2018 को झुंझुनूं, राजस्थान में इस कार्यक्रम की शुरुआत की। देश में करीब 74 लाख स्वयं सहायता समूह हैं, जिनमें 8 करोड़ बहनें हैं। मध्य प्रदेश में करीब 3.5 लाख स्वयं सहायता समूह हैं, जिनके साथ करीब 40 लाख बहनें जुड़ी हैं। ये महिला सशक्तिकरण का जीता-जागता उदाहरण है। 

जेपी नड्डा के अनुसार, अगले 3 साल में 25 लाख बहनें स्वयं सहायता समूहों के साथ और जोड़ी जाएंगी। बैंकों से 2,525 करोड़ रुपये का लोन बहुत कम ब्याज दरों पर स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से बहनों को दिया जाएगा। प्रधानमंत्री जी ने स्वच्छता अभियान चलाया, जिसके अंतर्गत देश भर में 11 करोड़ शौचालय बनें। इनमें से 66 लाख शौचालय यहां मध्य प्रदेश में बनाए गए हैं। साथ ही मोदी सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए तेज़ी से काम कर रहीं हैं। 

सीएम शिवराज बोले- चुनावों में महिलाओं को 50% आरक्षण

 सीएम शिवराज ने कहा कि, हमारा लक्ष्य है कि स्वसहायता समूहों के माध्यम से हर महीने कम से कम 10 हजार रुपये बहनें कमायें। मेरी कई बहनें लाखों रुपये कमाकर लखपति क्लब में सम्मिलित हो चुकी हैं। मध्यप्रदेश पहला राज्य है जिसने स्थानीय निकाय के चुनावों में महिलाओं को 50% आरक्षण दिया। शिक्षकों की भर्ती में भी 50% आरक्षण है, शासकीय सेवा में 33% आरक्षण दिया है। आज मेरी बेटियां सशक्त और सक्षम बन रही हैं। आप सभी की मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार ने पैदा होने से जीवन पर्यंत बहन, बेटी, माताओं के कल्याण की योजनाएं बनाकर उनके सशक्तिकरण का मार्ग प्रशस्त किया है। हमारा लक्ष्य है कि बेटियां हमेशा आगे बढ़ती रहें।