झारखंड के चर्चित अवैध खनन मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले को लेकर सीएम हेमंत सोरेन आज रांची स्थित ईडी कार्यालय पहुंचे हैं। प्रवर्तन निदेशालय ED ने उन्हें 17 नवंबर को पेश होने के लिए समन भेजा था। ED उनसे पूछताछ कर बयान दर्ज कर सकती है। ED के दफ्तर रवाना होने से पहले सीएम सोरेन ने मीडिया को संबोधित किया। जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी सरकार को गिराने की साजिश रची जा रही है।

ED दफ्तर रवाना होने से पहले सीएम सोरेन ने मीडिया को संबोधित किया। जिसमें उन्होंने कहा, 'आज मुझे ED ऑफिस जाना है। ED राज्य में अवैध खनन की जांच कर रहा है। इसी सिलसिले में मुझे बुलाया गया है। इस संबंध में मैंने ED को पत्र भेजा है कि साहिबगंज जिले से 1000 करोड़ के घोटाले का जिक्र कितना दुर्भाग्यपूर्ण है। 

इसके साथ ही सोरेन ने आरोप लगाया है, कि आदिवासियों को फायदा पहुंचाने वाली उनकी सरकार को गिराने की साजिश रची जा रही है। सोरेन ने आरोप लगाया कि साजिशकर्ता राज्य में मौजूदा सरकार को गिराने पर उतारू हैं क्योंकि वे जानते हैं कि हम आदिवासियों को इतना मजबूत करेंगे कि बाहरी लोगों को बाहर कर देंगे।

मुख्यमंत्री सोरेन रांची स्थित ED कार्यालय पहुंचेंगे। रांची एसपी ने कहा कि हम सभी परिस्थितियों को देखते हुए कार्रवाई कर रहे हैं। किसी भी कीमत पर स्थिति को नियंत्रण में रखा जाएगा। वहीं रांची कलेक्टर का कहना है, कि शहर के मोराबादी मैदान से रातू, सहजानंद चौक, हरमू, अरगोड़ा चौक, बिरसा चौक, हीनू चौक आदि जगहों पर पर्याप्त फोर्स तैनात कर दी गई है। बेरिकेट्स लगा दिए गए हैं। जहां जरूरी हुआ वहां ट्रैफिक डायवर्जन किया गया है, खासतौर पर एयरपोर्ट रूट पर।

दूसरी ओर सोरेन की ED जांच और आगे की कार्रवाई को लेकर रांची में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि अगर कोई विपरीत स्थिति आती है तो उनका राजनीतिक उत्तराधिकारी यानी नया सीएम कौन होगा? रांची में कल सत्ताधारी पार्टी झामुमो के विधायकों की बैठक हुई। इसके बाद से ही राजनीतिक अटकलों का बाजार गर्म है। कहा जा रहा है कि अगर ED पूछताछ के बाद ऐहतियातन कोई कार्रवाई करती है या उन्हें हिरासत में लेने जैसा कोई कदम उठाती है तो उनके राजनीतिक उत्तराधिकारी को तत्काल सरकार की बागडोर सौंपी जा सकती है।

उत्तराधिकारी के तौर पर उनकी पत्नी कल्पना सोरेन और पिता शिबू सोरेन के नामों की चर्चा हो रही है। मुख्यमंत्री की पत्नी कल्पना सोरेन इन दिनों मुख्यमंत्री के साथ सक्रिय रूप से नजर आ रही हैं। वे मंगलवार को झारखंड स्थापना दिवस कार्यक्रम में भी मंच पर थीं।

बिहार में चारा घोटाले के दौरान जब CBI ने तत्कालीन सीएम लालू प्रसाद यादव को पूछताछ के लिए बुलाया तो उन्होंने सत्ता अपनी पत्नी राबड़ी देवी को सौंप दी थी। यह प्रयोग झारखंड में भी दोहराया जाने की संभावना है। वहीं झारखंड में सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम का कहना है कि हम किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए तैयार हैं। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने पार्टी के सभी विधायकों को रांची में ही रहने का निर्देश दिया है।