शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद महाराज के अंतिम दर्शनों के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु नरसिंहपुर स्थित गंगाकुंड पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी झोतेश्वर पहुंचकर स्वरूपानंद महाराज को श्रद्धांजलि देंगे। वहीं स्वरूपानंद महाराज के उत्तराधिकारी के नाम का ऐलान भी उनकी भू-समाधि से पहले कर दिया जाएगा। 

ज्योतिर्मठ बद्रीनाथ और शारदा पीठ द्वारका के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती का कल देवलोक गमन हो गया था। उनके अंतिम दर्शन के लिए उनकी पार्थिव देह आश्रम के गंगा कुंड स्थल पर रखी गई है। दोपहर 1 बजे तक अंतिम दर्शन होंगे। इसके बाद करीब 4 बजे उन्हें भू-समाधि दी जाएगी।

शंकराचार्य के निधन के बाद उनके उत्तराधिकारी चुने जाने को लेकर समाधि की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संत समाज की मीटिंग की जाएगी। कहा जा रहा है कि स्वामी जी ने पहले ही कर्तव्य के आधार पर उत्तराधिकारी की व्यवस्था दे दी थी। उनके नाम की घोषणा आज औपचारिक रूप से की जाएगी। 

अभी  ज्योतिष पीठ का प्रभाव अविमुक्तेश्वरानंद महाराज के पास है। जबकि द्वारका पीठ का प्रभार दंडी स्वामी सदानंद सरस्वती को मिला हुआ है।  स्वामी स्वरूपानंद महाराज की भू-समाधि से पहले उनके उत्तराधिकारी की घोषणा कर दी जाएगी। शंकराचार्य के निज सचिव स्वामी सुबुद्धानंद उत्तराधिकारी के नाम का ऐलान करेंगे।