सर्दी धीरे-धीरे बढ़ रही है। अब देशभर में तापमान कम हो रहा है। राजधानी दिल्ली घने कोहरे की चादर में लिपटी हुई है। सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से लोगों को यातायात की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। वहीं पहाड़ी राज्यों की बात करें तो हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में हुई बर्फबारी का असर निचले इलाकों में भी देखने को मिल रहा है।

मौसम विभाग (IMD) ने अगले 4 से 5 दिनों के दौरान हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के लिए घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा, 20 और 21 दिसंबर के दौरान बिहार और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में विभिन्न स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

दिल्ली में येलो अलर्ट-

दिल्ली में आज सीजन का पहला घना कोहरा देखने को मिल रहा है। सुबह के समय कई इलाकों, सड़कों और पार्कों में चारों तरफ धुंध दिखाई दे रहीं है। कोहरे के कारण दिल्ली में अब भी करीब 150-200 मीटर दृश्यता है। हालांकि, जैसे-जैसे दिन बीतता है यह दोपहर तक थोडा कम होने लग जाता है।

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस है। घने कोहरे के कारण पालम हवाईअड्डे पर सुबह करीब छह बजे दृश्यता घटकर 50 मीटर रह गई। इसी वजह से मौसम विभाग ने दिल्ली में सुबह साढ़े पांच बजे से साढ़े आठ बजे तक येलो अलर्ट घोषित किया है।