महंगाई से जूझ रहे आम आदमी के लिए हल्की राहत की खबर है।

बुधवार को कमर्शियल रसोई गैस सिलेंडर 135 रुपए सस्ता हुआ है। हालांकि घरेलू 14.2 किलो वाले सिलेंडर की कीमत यथावत रहेगी। अब 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 2,219 रुपए हो गई है। कोलकाता में 19 KG सिलेंडर अब 2,454 रुपए की बजाय 2,322 रुपए में बिकेगा। मुंबई और चेन्नई में इसकी कीमत 2,507 रुपए से घटकर 2,373 रुपए हो गई है। गौरतलब है कि सरकारी तेल कंपनियां हर माह पहली तारीख को रसोई गैस सिलेंडर के दामों की समीक्षा करती हैं। समीक्षा के बाद जून महीने के लिए कमर्शियल सिलेंडर के दाम में भारी गिरावट की गई है। 

पिछले माह में दो बार बढ़े थे दाम:

देश में दोनों तरह के यानि घरेलू और व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में मई में दो बार बढ़ोतरी की गई थी। 19 मई को कीमत बढ़ाई गई थी जो कि महीने में दूसरी बार था। इससे पहले  भी कीमतों में वृद्धि की गई थी। तब 14 किलो के घरेलू सिलेंडर की कीमत में 3.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। 19 किलो के वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत में 8 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई थी। इससे पहले मार्च 2022 में भी रसोई गैस की कीमत में 50 रुपये की वृद्धि की गई थी। इससे पहले 6 अक्टूबर को भी घरेलू गैस की कीमतों में उछाल आया था। अप्रैल 2021 से अब तक रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में कुल 190 रुपये की वृद्धि हो चुकी है। 

रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद इस साल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। इसका असर पेट्रोल, डीजल, एटीएफ और एलपीजी की कीमतों में देखने को मिला है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल की कीमतों में बढ़ोत्तरी को देखते हुए माना जा रहा था कि एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोत्तरी हो सकती है पर सरकार ने राहत दे दी है।