राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लेकर टीएमसी मंत्री अखिल गिरि द्वारा दिए गए एक विवादित बयान के बाद से पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं. यह बयान सार्वजनिक होने के बाद से ही बीजेपी लगातार कार्रवाई की मांग कर रही है और अब उन्हें पद से हटाने की मांग भी उठने लगी है.
हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने नई दिल्ली में पुलिस आयुक्त को एक शिकायत पत्र सौंपा है जिसमें मंत्री के खिलाफ कार्रवाई और शिकायत दर्ज करने की मांग की गई है. साथ ही बीजेपी नेता लॉकेट चटर्जी ने भी अखिल गिरि के खिलाफ हमला बोलते हुए दिल्ली में शिकायत दर्ज कराई.
बता दें कि मंत्री अखिल गिरि द्वारा राष्ट्रपति को लेकर दिए गए विवादित बयान के बाद से ममता सरकार की चारों तरफ निंदा हो रही है. बीजेपी इसे मुद्दा बनाकर टीएमसी और ममता बनर्जी पर लगातार हमले कर रही है.
धर्मेंद्र प्रधान ने की अखिल गिरि को हटाने की मांग-
अखिल गिरि के बयान पर पलटवार करते हुए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि ममता दीदी के मंत्री द्वारा महामहिम राष्ट्रपति जी के ऊपर की गयी अशोभनीय टिप्पणी उनकी सामंतवादी मानसिकता को दर्शाता है. उनके आदिवासी और महिला विरोधी चरित्र का प्रमाण है.
भारत जैसे लोकतंत्र में रंग, नस्ल और महिलाओं के प्रति इस तरह की हीन भावना और द्वेष के लिए कोई जगह नहीं है. ममता दीदी में अगर थोड़ी भी नैतिकता बची है तो वह राष्ट्रपति जी के लिए ऐसी भाषा के प्रयोग के लिए देश से माफ़ी माँगे एवं अपने मंत्री को इस कृत्य के लिए जल्दी से जल्दी बर्खास्त करें.