भोपाल। प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड की परीक्षा में जिस तरह की कथित गड़बड़ी सामने आ रही है, उसे लेकर कांग्रेस को सत्तारुढ भाजपा पर हमले का मौका फिर मिल गया है। कांग्रेस ने मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच कराई जाए तथा पुलिस आरक्षक परीक्षा के परिणाम केंद्रवार जारी किये जायें।
कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि सरकार द्वारा पीईबी के माध्यम से आयोजित कराई जाने वाली परीक्षाओं में गडबडयां रुकने का नाम नहीं ले रही है। यह तीसरा अवसर है जब गडवडी सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि सुबह जारी परिणाम देर शाम तक बदल जाता है, यह कैसे संभव है। इससे पूरी प्रक्रिया पर प्रश्नचिन्ह लग रहा है। लाखों युवाओं के भविष्य के साथ सीधा सीधा खिलवाड़ है। इसके पहले कृषि विस्तार अधिकारी की परीक्षा में भी गडबड़ी सामने आ चुकी है, जिसे बाद में निरस्त करना पड़ा था। शिक्षक पात्रता परीक्षा के प्रश्न पत्र और आंसर शीट के स्क्रीनशाट इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुए हैं। जब परीक्षा केंद्र में मोबाइल ले जाना प्रतिबंधित था तो स्क्रीनशाट कैसे बाहर आ गए। उन्होंने पीईबी से परिणाम बदलने के कारण सार्वजनिक करने और सरकार से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
उल्लेखनीय है कि इस मामले में कांग्रेस के महामंत्री केके मिश्रा पर प्रकरण भी दर्ज किया गया है। हालांकि पार्टी अध्यक्ष कमलनाथ ने सरकार से मिश्रा परप्रकरण वापस लेने की मांग पहले ही कर दी थी। उन्होंने भी इस मामले में सरकार के कामकाज पर सवाल उठाये थे।