LPG Cylinder Price Hike: आम आदमी पर एक बार फिर महंगाई की मार पड़ी है। घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 50 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। 14.2 किलो के घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में आज से 50 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। घरेलू LPG सिलेंडर की नई कीमत अब 999.50 रुपये प्रति सिलेंडर हो गई है। सिलेंडर के बढ़ते दामों को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मोदी सरकार पर हमला बोला है।
देखिये लाइव-
दाम एक हजार से कम, इसके लिए बधाई -
पवन खेड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू करने से पहले अपने दोनों तरफ़ दो सिलेंडर रखे और हार पहनाया, अगरबत्ती जलाई और कहा कि, 65 घंटे, 3 देश, 20 ड्रेसेज, 60 फोटोशूट्स और फिर लौटकर आ गए साहब। लौटकर आने के बाद घरेलू सिलेंडर की कीमत 50 रुपये और बढ़ा दी, उसके बाद उसकी कीमत दिल्ली में ₹999.50 हो गई। अब भी ₹1000 नहीं होने पर बधाई हो..!
सिलेंडर को सरेंडर करने की नौबत आई-
मोदी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कांग्रेस प्रवक्ता बोले, मोदी साहब ने पेट्रोल पंप पर बड़े होर्डिंग लगाकर कहा था कि सब्सिडी सरेंडर कर दीजिए। आज ये स्थिति पैदा कर दी कि सिलेंडर सरेंडर करने की नौबत आ गई है। कांग्रेस सरकार ने गरीब, मध्यमवर्ग का ध्यान रखते हुए कीमतों को काबू में रखने के लिए सब्सिडी दी।
कांग्रेस सरकार ने 2012-13 में एलपीजी पर ₹39,558 करोड़ की सब्सिडी दी। कांग्रेस सरकार ने 2013-14 में ₹46,458 करोड़ की सब्सिडी दी थी। लेकिन जो सब्सिडी हम ₹346,458 करोड़ की छोड़कर गए थे, उसको 2015-16 में घटाकर ₹18 करोड़ कर दिया। 2016-17 में वो सब्सिडी जीरो कर दी। मार्च से इस वित्तीय वर्ष के 37 दिन हो चुके हैं, लेकिन अब तक अंडर रिकवरी और सब्सिडी के आंकड़े जारी नहीं किए गए। भाजपा सरकार लगातार गरीब, मिडिल क्लास तबके पर बोझ डाले जा रही है।
यह है हमारी मांग- कांग्रेस प्रवक्ता
- एलपीजी गैस की बढ़ी कीमतों को वापस लेकर देशवासियों को राहत दीजिए।
- एलपीजी गैस की कीमतों को 2014 के स्तर पर लेकर आइए।