CONGRESS PARTY: राहुल गांधी की ''भारत जोड़ो न्याय यात्रा'' शुरू होने से पहले कांग्रेस को रविवार के दिन डबल झटका लगा. पहले महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता मिलिंद देवड़ा ने आज (14 जनवरी) सुबह कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया. उसके थोड़ी देर बाद असम में अपूर्ब भट्टाचार्य ने भी कांग्रेस के सचिव पद से इस्तीफा दे दिया है.
भारत जोड़ो न्याय यात्रा से पहले इन दोनों नेताओं के इस्तीफे को पार्टी के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है. क्योंकि, राहुल गांधी की यात्रा महाराष्ट्र और असम से भी निकलेगी. ये दोनों दिग्गज नेता पार्टी में काफी लंबे समय से जुड़े हुए थे. अब इस्तीफ़े से कांग्रेस को लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बड़ा नुकसान झेलना पड़ सकता है.
एक ही दिन में दो नेताओं ने दिया इस्तीफ़ा-
कांग्रेस को एक ही दिन में दो झटके लगे हैं. सबसे पहला झटका मुंबई से लगा, जहां पार्टी के दिग्गज नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा ने इस्तीफा दे दिया. बता दें कि मिलिंद देवड़ा आज एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना को ज्वाइन करेंगे. उनकी ज्वाइनिंग मुख्यमंत्री आवास पर होगी.
मिलिंद देवड़ा ने रविवार (14 जनवरी) को इस्तीफे के बाद X यानी ट्विटर पर लिखा, आज मेरी राजनीतिक यात्रा में एक महत्वपूर्ण अध्याय का समापन हुआ है. मैंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफा दे दिया है, जिससे पार्टी के साथ मेरे परिवार का 55 साल पुराना रिश्ता खत्म हो गया है. मैं सभी नेताओं, सहकर्मियों और कार्यकर्ताओं का वर्षों से अटूट समर्थन करने के लिए आभारी हूं.
इसके बाद कांग्रेस पार्टी को दूसरा झटका असम से लगा है. जहां अपूर्ब भट्टाचार्य ने कांग्रेस के सचिव पद से इस्तीफा दे दिया है. वह एक दशक से ज्यादा समय तक कांग्रेस में रहे है. फ़िलहाल, उनकी तरफ से इस्तीफ़े के बाद से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.