वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे का कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव जीत गए हैं। खड़गे को 7897 वोट मिले। वहीं शशि थरूर को 1072 वोट मिले। जबकि 416 वोट रद्द हुए। 17 अक्टूबर को कुल 9385 नेताओं ने मतदान किया। इस तरह से मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस के नए अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव के लिए सोमवार (17 अक्टूबर) को वोटिंग हुई थी।

कांग्रेस पार्टी के 137 साल के इतिहास में अध्यक्ष पद के लिए छठी बार चुनाव हुआ है। अध्यक्ष पद के लिए 1939, 1950, 1977, 1997 और 2000 में चुनाव हो चुके हैं। 22 साल बाद अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ है। इस चुनाव के 24 साल बाद गांधी परिवार से बाहर के एक नेता को देश की सबसे पुरानी पार्टी का अध्यक्ष चुना गया है। इससे पहले सीताराम केसरी गैर-गांधी कांग्रेस अध्यक्ष थे।

शशि थरूर ने अपनी हार स्वीकार कर ली है उन्होंने खड़गे को जीत की बधाई दी। थरूर ने ट्वीट करके लिखा, ‘यह एक बड़ा सम्मान और एक बड़ी जिम्मेदारी है’ वहीं कांग्रेस मुख्यालय के बाहर खड़गे की जीत का जश्न शुरू हो गया है। खड़गे के समर्थक ढोल पीटकर उनकी जीत का जश्न मना रहे हैं।  इसके अलावा खड़गे ने समर्थन के लिए कांग्रेस नेताओं का भी शुक्रिया अदा किया।