हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद से ही मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर सियासी हलचल काफ़ी तेज थी. फ़िलहाल अब कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश के 15वें मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली हैं.

 

मुकेश अग्निहोत्री ने ली उपमुख्यमंत्री पद की शपथ-

कांग्रेस नेता मुकेश अग्निहोत्री ने हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली हैं. इसके साथ ही पहली बार राज्य को उपमुख्यमंत्री मिला है. बता दें कि इससे पहले हिमाचल में उप मुख्यमंत्री का रिवाज नहीं रहा है.

विधायक दल की बैठक में लिया गया था फैसला- 

कांग्रेस विधायक दल (CLP) की शनिवार (10 दिसंबर) शाम को हुई बैठक में सुखविंदर सिंह सुक्खू को मुख्यमंत्री और मुकेश अग्निहोत्री को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने पर सभी की सहमति बनी थी. उसके बाद शपथ ग्रहण समारोह का ऐलान किया गया था. 

हिमाचल में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के लिए ऐतिहासिक रिज मैदान एक बार फिर से सजाया गया. शपथ ग्रहण समारोह में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे समेत तमाम बड़े नेता शामिल हुए. इस बार मंच भी नेताओं से भरा हुआ नज़र आया. शपथ ग्रहण के बाद भी कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है. उन्होंने कहा कि हिमाचल के साथ आने वाला वक्त और भी मज़बूत होगा.

अब आगे सुखविंदर सिंह सुक्खू की कैबिनेट में किसे शामिल किया जाएगा, कितने लोग इसमें शामिल होंगे, इसे लेकर अभी कोई जानकारी पार्टी की तरफ से सामने नहीं आई हैं. लेकिन अब उम्मीद यहीं जताई जा रही है कि जल्द ही कैबिनेट का विस्तार होगा. 

मां ने दिया आशीर्वाद-

सुखविंदर सिंह सुक्खू के सीएम बनने की जानकारी जब उनकी मां को लगी तो वो बेहद भावुक हो गईं. उन्होंने कहा कि हम चाहते थे कि वो एक नौकरी कर ले, लेकिन उसे पढ़ाई करनी थी, हमने उसे पढ़ाया. आज एक बस ड्राइवर का बेटा हिमाचल प्रदेश का मुख्यमंत्री बना है. शपथ ग्रहण समारोह के दौरान उनकी माँ भी मंच पर मौजूद थी.