कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू आज हिमाचल प्रदेश के 15वें मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. कांग्रेस विधायक दल (CLP) ने शनिवार (10 दिसंबर) शाम हुई बैठक में उन्हें मुख्यमंत्री और मुकेश अग्निहोत्री को उपमुख्यमंत्री चुना. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आज रविवार दोपहर 1.30 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा. इस समारोह में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे शामिल हो सकते हैं. 

शपथ ग्रहण समारोह के लिए सजा रिज मैदान-

हिमाचल में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के लिए ऐतिहासिक रिज मैदान एक बार फिर से सज गया है. आज दोपहर इसी मैदान से सुखविंदर सिंह सुक्खू मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. उसके बाद मुकेश अग्निहोत्री उप मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे. बता दें कि इससे पहले हिमाचल में उप मुख्यमंत्री का रिवाज नहीं रहा है.

शपथ ग्रहण समारोह के लिए प्रतिभा सिंह को किया आमंत्रित-

सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शपथ ग्रहण से पहले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को समारोह में आने का न्योता दिया.  उन्होंने कहा कि उनका दायित्व है कि जो प्रदेश में पार्टी को आगे लेकर चलती हैं, जो हमारी प्रदेश अध्यक्ष हैं उनके पास जाना और उन्हें शपथ ग्रहण के लिए आमंत्रित करना, यह पहला आमंत्रण है जो हम दे रहे हैं. फ़िलहाल शपथ ग्रहण की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. अब सिर्फ़ कार्यक्रम के शुरू होने का इंतज़ार हैं.