गुजरात में कांग्रेस को विधानसभा चुनावों से ठीक पहले बड़ा झटका लग सकता है। गुजरात में फंड की कमी के चलते कांग्रेस के 6 विधायक पार्टी छोड़ सकते हैं। सभी विधायक सौराष्ट्र के बताये जा रहे हैं और इनमें चार विधायक पाटीदार हैं।

एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इन विधायकों ने चुनाव के लिए गंभीर वित्तीय सहायता मांगी थी लेकिन कांग्रेस फिलहाल उनकी मांग को पूरा करने की स्थिति में नहीं है और अब वे पार्टी छोड़ने के लिए तैयार हैं। 

भावेश कटारा, चिराग कलगरिया, ललित वसोया, संजय सोलंकी, महेश पटेल और हर्षद रिबाडिया पहले ही बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल से मिल चुके हैं और उनके जल्द ही बीजेपी में शामिल होने की संभावना है। ललित वसोया हार्दिक पटेल के करीबी हैं और पाटीदार आंदोलन से सुर्खियों में आए थे। 

बताया जा रहा है कि विधानसभा चुनाव से पहले धन की कमी कांग्रेस को विभिन्न स्तरों पर मुश्किल में डाल रही है। वहीं गुजरात के कांग्रेस प्रभारी अशोक गहलोत आज गुजरात दौरे पर हैं और विभिन्न नेताओं से मिलकर चुनावी हालात पर चर्चा करेंगे।