राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर कांग्रेस सांसद अधीर रंजन की अशोभनीय टिप्पणी का विरोध बढ़ता जा रहा है। भाजपा सांसदों ने गुरुवार को कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर की गई टिप्पणी के विरोध में संसद में प्रदर्शन किया। वहीं मध्यप्रदेश में भी भाजपा गुरुवार को राज्यव्यापी प्रदर्शन कर अधीर रंजन की बर्खास्तगी के लिए ज्ञापन देगी।
अधीर रंजन चौधरी ने एक न्यूज़ चैनल को दिए इंटरव्यू में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए अमर्यादित टिप्पणी की थी। उनको चैनल के रिपोर्टर ने इस टिप्पणी के लिए टोका भी था। वाकया उस समय हुआ जब चैनल का रिपोर्टर कांग्रेस सांसद अधीर रंजन से संसद से निलंबित सांसदों का पक्ष जानने प्रतिक्रिया ले रहा था।
वहीं मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने अधीर रंजन की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश के सर्वोच्च पद पर आसीन आदिवासी अस्मिता की प्रतीक द्रौपदी मुर्मू का अपमान करना कांग्रेसियों के संस्कारों का आईना है। साथ ही यह जनजातीय समाज के प्रति कांग्रेस की घृणा का प्रदर्शन भी है।
विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपत्नी सम्बोधित करना राष्ट्र एवं संवैधानिक पद का अपमान है। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी द्वारा की गई बेहूदी हरकत के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी प्रदेश व्यापी आंदोलन करेगी। गुरुवार को दोपहर 1 बजे भोपाल में गांधीजी की प्रतिमा से भारतीय जनता पार्टी राजभवन तक मार्च करेगी और अधीर रंजन की बर्खास्तगी के लिए ज्ञापन देगी।