कांग्रेस नेता उदित राज ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए एक विवादित ट्वीट किया है। ट्वीट में उन्होंने कहा है, कि, "द्रौपदी मुर्मू जैसा राष्ट्रपति किसी देश को ना मिले। उनके इस ट्वीट पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने उन्हें नोटिस भेजा है वहीं भाजपा ने भी आपत्ति जताई है। विरोध को देखते हुए उदितराज ने विवादित ट्वीट पर सफाई भी दी है। 

कांग्रेस नेता उदित राज ने अपने विवादित ट्वीट में लिखा कि-द्रौपदी मुर्मू जी जैसा राष्ट्रपति किसी देश को न मिले। चमचागिरी की भी हद्द है। कहती हैं 70% लोग गुजरात का नमक खाते हैं। खुद नमक खाकर जिंदगी जिएँ तो पता लगेगा।”

उनके इस ट्वीट पर राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि देश की सर्वोच्च सत्ता और अपनी मेहनत से इस मुकाम तक पहुंचने वाली महिला के खिलाफ यह बेहद आपत्तिजनक बयान है। उदित राज को आपके अपमानजनक बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए। उन्हें नोटिस भेजा जा रहा है।
 
वहीं भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने उदित राज पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति के लिए जिस तरह के शब्दों का इस्तेमाल किया है वह चिंताजनक है, यह पहली बार नहीं है कि कांग्रेस ने राष्ट्रपति के लिए इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल किया है। अधीर रंजन चौधरी ने भी पहले किया था। हमने वह भी सुना है।

बढ़ते विरोध को देखते हुए उदित राज ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए किए गए अपने ट्वीट पर सफाई भी दी है। उन्होंने लिखा, “मेरा बयान द्रोपदी मुर्मू जी के लिए निजी है, कांग्रेस पार्टी का नही है। मुर्मू जी को उम्मीदवार बनाया व वोट मांगा आदिवासी के नाम से। राष्ट्रपति बनने से क्या आदिवासी नही रहीं? देश की राष्ट्रपति हैं तो आदिवासी की प्रतिनिधि भी। रोना आता है जब एससी/एसटी के नाम से पद पर जाते हैं फिर चुप।”
 
देश के राष्ट्रपति के लिए इस बयान पर कांग्रेस के प्रवक्ता की सोशल मीडिया पर जमकर आलोचना की जा रही है, तो कुछ ने उनके बयान को सही भी ठहराया है।