कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ ईडी के समन से राजनीति शुरू हो गई है। नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी द्वारा सोनिया और राहुल को तलब किए जाने के मुद्दे पर कांग्रेस कल (12 जून) राष्ट्रव्यापी प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रही है।
कोरोना के संक्रमण से उबर रही सोनिया गांधी को ईडी ने समन की नई तारीख दी है। एजेंसी ने अब सोनिया गांधी को 23 जून तक पेश होने को कहा है। हालांकि ईडी ने पहले उन्हें आठ जून को पेश होने के लिए कहा था लेकिन कोविड होने के कारण सोनिया नहीं जा सकीं। ईडी ने राहुल गांधी को भी 13 जून का समन जारी किया है।
शुक्रवार को कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि बीजेपी कांग्रेस के शीर्ष नेताओं को डराना चाहती है। नेशनल हेराल्ड मामले में राहुल गांधी समन का पालन करेंगे और ईडी कार्यालय जाएंगे। उन्होंने कहा कि बीजेपी ईडी को पीछे लगाकर सोनिया और राहुल गांधी को डराना चाहती है। लेकिन हम डरेंगे नहीं बल्कि इनके खिलाफ़ लड़ेंगे।
आपको बता दे कि ईडी ने राहुल गांधी को नेशनल हेराल्ड न्यूजपेपर-एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 13 जून को तलब किया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी अपना बयान दर्ज करवाने अवश्य जायेंगे। लेकिन राहुल सांसदों के अलावा पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं के साथ ईडी दफ्तर तक मार्च कर सकते हैं। माना जा रहा है कि, दिल्ली के अलावा देश भर में कांग्रेस सोमवार को सड़कों पर उतर सकती है.