हिमाचल प्रदेश में विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस मतलब भ्रष्टाचार की गारंटी। कांग्रेस मतलब स्वार्थ भरी राजनीति की गारंटी, भाई-भतीजवाद की गारंटी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब केंद्र में स्थिर सरकार बनी तो भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई शुरू हुई और आतंकवाद, नक्सलवाद, काबू में आए साथ ही नार्थ ईस्ट में शांति स्थापित हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मुझे खुशी है कि हिमाचल में जयराम सरकार ने जो विश्वास हासिल किया है, उनकी पूरी टीम ने जो पांच साल के लिए काम किया है, उसी का नतीजा है कि हिमाचल की जनता ने भाजपा की सरकार बनाना तय कर लिया है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि किसान सम्मान निधि के माध्यम से हिमाचल प्रदेश के किसानों के बैंक खातों में 2000 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। इसका लाभ 9 लाख किसानों को पहुंचा है यानी उनके जीवन में बहुत बड़े बदलाव की ताकत आई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं देश में रहूं या विदेश में, हिमाचल के साथ मेरा लगाव बना रहता है। हिमाचल के लोगों का जो स्नेह है, मैं इस ऋण को कभी चुका नहीं सकता लेकिन हिमाचल का विकास कर, हिमाचल के लोगों का जीवन आसान बनाकर, मैं अपना दायित्व निभाने के लिए हर पल तैयार हूं।
उन्होंने कहा कि 8 दिसंबर के बाद डबल इंजन की सरकार काम संभालेगी तो किसान बागवानों के लिए काम आगे बढ़ाएंगे। कुछ लोग 100 रुपये की छूट देते हैं और 1000 रुपये का विज्ञापन छपा देते हैं। ऐसे लोगों से सावधान रहें।
हिमाचल में पीएम ने प्रोटोकॉल तोड़कर मस्कुलर डिस्ट्रॉफी बीमारी से पीड़ित बच्चों से मुलाकात की। रैली से लौटते समय पीएम अपनी कार से निकलकर सड़क किनारे कुर्सियों पर बैठे बच्चों से मिलने पहुंच गए। बच्चों ने पीएम को पोस्टर भी भेंट किए। जिसमें प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया गया।