राज्यसभा सूची पर घमासान..!
विस्तार-
कांग्रेस ने राज्यसभा के लिए 10 नामों पर मुहर लगा दी है। सूची जारी होने के बाद कांग्रेस में विरोध के स्वर सार्वजनिक रूप से दिखाई दे रहे हैं। सबसे ज्यादा चर्चा कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के चैयरमेन इमरान प्रतापगढ़ी के नाम को सूची में शामिल किये जाने और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा के नाम को जगह न मिलने पर हो रही है। राजस्थान में भी घोषित नामों पर नाराजगी सामने आई।
सूची जारी होने के बाद कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने एक दिलचस्प ट्वी भी किया। इस ट्ववीट में उन्होंने लिखा -शायद मेरी तपस्या में कोई कमी रह गई हो
यह माना जा रहा है कि इस ट्वीट के माध्यम से पवन खेड़ा ने पार्टी आलाकमान को बड़ा संकेत दिया है। वहीं उनके ट्वीट पर फिल्मस्टार रहीं कांग्रेस नेत्री नगमा के जवाब ने पार्टी की अंतर्कलह को साफ़ उजागर कर दिया-
हमारी भी १८ साल की तपस्या कम पड़ गई इमरान भाई के आगे । https://t.co/8SrqA2FH4c
— Nagma (@nagma_morarji) May 29, 2022
पवन खेड़ा जिस कुशलता और तार्किक अंदाज में टीवी चैनलों पर पार्टी का पक्ष रखते थे उसके चलते यह माना जा रहा था कि कांग्रेस उन्हें राज्यसभा में पार्टी का पक्ष रखने और सत्तापक्ष का मुकाबला करने जरूर भेजेगी लेकिन ऐसा हुआ नहीं। लिस्ट आने के बाद राजस्थान और छत्तीसगढ़ के स्थानीय नेताओं की बजाय बाहरी उम्मीदवारों का भी विरोध सामने आया।
.png)
राजस्थान में कांग्रेस विधायक श्याम लोढ़ा ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा कि कांग्रेस को यह बताना चाहिए कि राजस्थान के किसी भी नेता या कार्यकर्ता को राज्यसभा चुनाव में प्रत्याशी न बनाये जाने का क्या कारण है?
वहीं उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में महज दो विधायकों के जीतने के बाद राज्य से संबंधित तीन नेताओं को राज्यसभा का टिकट दिए जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। कहा यह जा रहा है कि पार्टी ने मेहनत और योग्यता के बजाय परिवार से वफादारी को ही राज्यसभा की सूची में प्राथमिकता दी है।
गौरतलब है कि कांग्रेस ने 10 नामों की जो सूची जारी की है, उसमें मध्य प्रदेश से वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तन्खा का नाम है। तन्खा पर पार्टी ने लगातार दूसरी बार भरोसा जताया है। वहीं छत्तीसगढ़ की दो सीटों के लिए राजीव शुक्ला और रंजीत रंजन का नाम फाइनल किया गया है। हरियाणा से अजय माकन, कर्नाटक से जयराम रमेश और महाराष्ट्र से इमरान प्रतापगढ़ी को पार्टी राज्यसभा भेजेगी। राजस्थान से पार्टी ने रणदीप सुरजेवाला, मुकुल वासनिक, प्रमोद तिवारी के नाम पर मुहर लगाई है। पूर्व गृह और वित्त मंत्री रहे पी चिदंबरम के नाम को तमिलनाडु से हरी झंडी मिली है।