कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आठ सदस्यीय पॉलिटिकल अफेयर्स कमिटी और 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए टास्क फोर्स का गठन किया है। कांग्रेस पॉलिटिकल अफेयर्स कमिटी में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, गुलाम नबी आजाद, अंबिका सोनी, दिग्विजय सिंह, आनंद शर्मा, केसी वेणुगोपाल, जितेंद्र सिंह शामिल हुए। महत्वपूर्ण राजनीतिक मुद्दों पर कांग्रेस के रुख को निर्धारित करने से लेकर सोनिया गांधी के नेतृत्व में त्वरित निर्णय लेने के लिए इसकी स्थापना की गई है।

साथ ही 2024 की टास्क फोर्स में पी चिदंबरम, मुकुल वासनिक, जयराम रमेश, केसी वेणुगोपाल, अजय माकन, प्रियंका गांधी, रणदीप सुरजेवाला और सुनील कानूनगोलू शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी पार्टी के अहम फैसलों में शामिल होंगे, साथ ही लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर प्रियंका गांधी की भी नज़र रहेगी।

कांग्रेस ने बनाई टास्क फोर्स-

गुलाम नबी आजाद, आनंद शर्मा, मुकुल वासनिक जैसे असंतुष्ट खेमे के नेताओं समेत दोनों अहम समितियों में सिर्फ वरिष्ठ नेताओं को जगह मिली है। वहीं, कर्नाटक और तेलंगाना में कांग्रेस के लिए काम करने वाली 2024 की टास्क फोर्स में प्रशांत किशोर की जगह चुनावी रणनीतिकार सुनील कानूनगोलू ने ले ली है। नई कमिटीयों में सबसे मजबूत स्थिति वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह की नज़र आ रही है। उन्हें पीएसी में शामिल होने के अलावा सभी अहम् मुद्दों में शामिल होने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।

भारत जोड़ो यात्रा के लिए कमेटी गठित-

2 अक्टूबर से शुरू होने वाली "भारत जोड़ो यात्रा" की तैयारी के लिए एक कमेटी भी बनाई गई है, जिसमें दिग्विजय सिंह, सचिन पायलट, शशि थरूर, रवनीत बिट्टू, केजे जॉर्ज, जोशी मणि, प्रद्योत बारडोली, जीतू पटवारी, सलीम अहमद शामिल हैं। समिति में दिग्विजय सिंह जैसे अनुभवी नेताओं के साथ-साथ युवा नेता भी शामिल हैं।

चिंतन शिविर के बाद एक्शन में कांग्रेस अध्यक्ष-

लोकसभा चुनाव के लिए गठित टास्क फोर्स में शामिल नेताओं को विभिन्न संगठनों, मीडिया, वित्त, चुनाव प्रबंधन की भी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। कांग्रेस ने उदयपुर चिंतन शिविर में, 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए एक टास्क फोर्स और पीएसी के रूप में एक कोर कमिटी बनाने की योजना बनाई, जिसका आज गठन किया गया है।