लगातार विवादों के दौर से गुजर रही कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' का आज छठा दिन है। इसी बीच कांग्रेस की ओर से RSS की ड्रेस को लेकर ऐसा ट्वीट किया गया, जिससे बीजेपी के तमाम नेता नाराज हो गए।

इस ट्विट के बाद से ही बीजेपी सिख दंगों से लेकर मुंबई दंगों तक का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साध रही है। बीजेपी ने कहा कि कांग्रेस को आग लगाने की पुरानी आदत है।

दरअसल आज कांग्रेस ने एक फोटो ट्वीट किया। उस फोटो में RSS की ड्रेस जलती हुई नजर आ रही है। उसमें से धुआं भी निकलता दिख रहा है। कांग्रेस ने ट्वीट करते हुए लिखा, "हम देश को नफरत की बेड़ियों से मुक्त करने और RSS -BJP द्वारा किए गए नुकसान की भरपाई करने के लिए हर समय एक कदम उठा रहे हैं। कदम दर कदम हम अपने लक्ष्य तक पहुंचेंगे।

BJP ने भी संभाला मोर्चा- 

इस ट्वीट पर आपत्ति जताते हुए बीजेपी के कई नेताओं ने कांग्रेस को घेरने का प्रयास किया। बीजेपी प्रवक्ता शाहजाद पूनावाला ने लिखा, 'कांग्रेस की देश को जलाने की पुरानी आदत है। 1984 के दंगे हों, जलगांव, मुंबई, हाशिमपुरा, भागलपुर या मेरठ इसमें लिस्ट लंबी है। हमें यह भी याद रखना चाहिए कि 1984 के दंगों को राजीव गांधी ने कैसे संभाला था। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस सिर्फ भारत जलाने की सोच सकती है।

बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने भी इस पर आपत्ति जताते हुए कांग्रेस पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी की यह भारत जोड़ो यात्रा नहीं, भारत तोड़ो और आग लगाओ यात्रा है। यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस पार्टी ने ऐसा किया है। मैं राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि क्या आप इस देश में हिंसा चाहते हैं? कांग्रेस को तुरंत इस तस्वीर को हटाना चाहिए।