छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में धर्मांतरण मामले को लेकर पूरे आदिवासी समुदाय में आक्रोश है. लोग अपना गुस्सा जाहिर करने के लिए सड़कों पर उतर गए हैं. सोमवार को मौके पर पहुंचे नारायणपुर एसपी सदानंद कुमार पर प्रदर्शनकारियों ने हमला कर दिया. इस हमले में उनके सिर में गंभीर चोट आई है. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.

विरोध में निकाली गई रैली-

इस मामले को लेकर नारायणपुर जिले के अलग-अलग गांवों में हंगामा जारी है. इस मामले के विरोध में आदिवासी समुदाय के लोगों ने बाजार से रैली निकाली. इसकी जानकारी मिलते ही जिला पुलिस व प्रशासन हरकत में आ गया. वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं.

जानिए क्या है पूरा मामला-

नए साल से एक दिन पहले एडका थाना क्षेत्र के गोरा गांव में धर्म परिवर्तन को लेकर दो समुदाय आपस में भिड़ गए थे. इसके बाद जमकर हंगामा हुआ. इस मारपीट में कई लोग घायल भी हुए. इस घटना को लेकर पूरे आदिवासी समुदाय ने सोमवार को नारायणपुर बंद का ऐलान किया. इसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया था.

आदिवासियों का जारी है प्रदर्शन-

इस मामले को लेकर नारायणपुर जिले में आदिवासी पिछले कई दिनों से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. उन पर कथित अत्याचार के खिलाफ जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया जा रहा है. प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की है.