भोपाल. शहर की एक पॉश कॉलोनी में हाईप्रोफाइल लोग झगड़ पड़े। घर के सामने डॉग को पोटी करवाने से विवाद हुआ. इस काम के लिए मना करने पर डॉग के मालिक और उसके बेटे ने रिटायर्ड बैंक मैनेजर को डंडे से पीटा। अपना डॉगी टहला रही लड़की ने भी गालियां दीं। रिटायर्ड बैंक मैनेजर की बेटी और पत्नी ने तुरंत आकर उन्हें बचाया। पुलिस ने सभी आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है।
न्यू मिनाल रेसीडेंसी निवासी ओमप्रकाश गोयल ने बताया कि रात करीब 8.30 बजे वे घर के बाहर वह टहल रहे थे। तभी एक लड़का पालतू डॉग को घुमाने लाया और मेरे घर के सामने डॉग को पोटी कराने लगा। उसे ऐसा कराने से रोका तो वह बोला- मैं तो यहीं कराऊंगा। उसने फोन करके अपने पिता को भी बुला लिया। कुछ ही देर में उसका पिता आ गया और बिना कुछ कहे गाली-गलौज करने लगा। मुझसे बोला कि तुझे यहीं 6 फीट नीचे गाड़ दूंगा। यह तेरे बाप की रोड नहीं है। यहीं तेरे घर के सामने ही कुत्ते से गंदगी कराऊंगा। मुझे डंडे से पीठ और कमर में मारा। धक्का देकर नीचे गिरा दिया। शोर सुनकर मेरी बेटी विजया गोयल और पत्नी बीच-बचाव करने आए तो आरोपी उनको भी गालियां देकर झूमा-झपटी करने लगे।
रिटायर्ड मैनेजर ने बताया कि घटना का वीडियो उनकी बेटी विजया गोयल ने बनाया है। एक लड़की भी आरोपियों के साथ अपने डॉग को लेकर आई थी। उसने मेरे ऊपर अपना डॉग ही छोड़ दिया। वह लड़की भी मुझे, मेरी बेटी और पत्नी को गालियां देने लगी। जाते-जाते आरोपी बोले, आज तो बच गया। आइंदा कहीं मिला तो जान से ही खत्म कर देंगे।